Market This Week: भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 और सेंसेक्स ने शुक्रवार को लगातार छह हफ्तों की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया और पांच साल से अधिक समय में अपनी सबसे बड़ी वीकली बढ़त लेने में कामयाब रहे। निवेशकों को अमेरिका-ईरान के बीच हुए युद्धविराम से राहत मिली। हालांकि, लेबनान में अभी भी हो रहे हमलों से निवेशकों में चिंता भी बनी हुई है।
निफ्टी 50 में शुक्रवार को 1.16 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई और यह 24,050.6 पर बंद हुआ। जबकि सेंसेक्स 1.2 फीसदी चढ़कर 77,550.25 पर पहुंच गया। वहीं, सप्ताह के दौरान यानी साप्ताहिक (6 अप्रैल- 10 अप्रैल) आधार पर दोनों इंडेक्स निफ्टी और में करीब 6 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा, ”बाजार शनिवार को होने वाली अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के नतीजे का इंतजार करेगा। कच्चे तेल की कीमतों की दिशा, जो इन चर्चाओं के परिणाम से प्रभावित होगी, बाजार की चाल तय करेगी।” उन्होंने कहा, ”अगर इन वार्ताओं से तनाव कम होता है और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आती है, तो बाजार—खासकर भारत जैसे ऊर्जा आयात पर निर्भर देशों के बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है।”
अमेरिका और ईरान के बीच बुधवार को दो हफ्तों के युद्धविराम पर सहमति बनी। इससे ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 12 प्रतिशत की गिरावट आई और वैश्विक शेयर बाजारों को राहत मिली। हालांकि, शुक्रवार को इस युद्धविराम में तनाव के संकेत दिखे, जब अमेरिका ने ईरान पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और इजरायल ने लेबनान पर हमला किया।”
इस सप्ताह स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स क्रमशः 7.6 फीसदी और 7.8 प्रतिशत चढ़े, जबकि सभी 16 प्रमुख सेक्टरों में बढ़त दर्ज की गई। हाई-वेटेज फाइनेंशियल शेयरों में 9 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि ऑटो इंडेक्स 10.6 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे ज्यादा चढ़ने वाला सेक्टर रहा।
टूरिज्म, पेंट्स और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के शेयरों में भी रिकवरी देखने को मिली। लार्सन एंड टुब्रो का शेयर इस हफ्ते 9.6 प्रतिशत उछला और पांच साल से ज्यादा समय का अपना सबसे अच्छा साप्ताहिक प्रदर्शन दर्ज किया। इंडेक्स के दिग्गज शेयरों में एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक क्रमशः 7.9 प्रतिशत और 8.7 फीसदी चढ़े, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों के प्रदर्शन साप्ताहिक आधार पर सपाट रहा।
वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का शेयर 2.5 फीसदी गिर गया, .कंपनी की सालाना आय में गिरावट आई और वित्त वर्ष 2027 के आउटलुक को लेकर चिंता बनी हुई है। इसके चलते आईटी सेक्टर के शेयरों में भी 1.9 फीसदी की गिरावट आई।
Also Read | उथल-पुथल के बीच Equity Funds में ₹40,000 करोड़ से ज्यादा का निवेश! क्या संकेत दे रहा है बाजार?
दूसरी तरफा, सन फार्मा का शेयर इस सप्ताह 3.6 प्रतिशत टूट गया। यह फार्मा शेयर में करीब तीन महीनों की सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावट है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी अमेरिका की ऑर्गेनन के लिए 12 अरब डॉलर की बोली लगाने की योजना बना रही है।
निवेशकों को बाजार में इस हफ्ते आई तेजी से बड़ा फायदा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप शुक्रवार (10 अप्रैल) को बढ़कर 4,51,21,692 करोड़ रुपये हो गया। जबकि पिछले गुरुवार (3 अप्रैल) को यह 42,181,410 करोड़ रुपये था। इस तरह, बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 29,40,282 करोड़ रुपये बढ़ गया।