PNB Housing Finance Share: पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस के शेयर मंगलवार को बाजार खुलते ही बीएसई पर 7.3 प्रतिशत उछल गए और दिन के उच्च स्तर 972.75 रुपये प्रति शेयर तक पहुंच गए। कंपनी के शेयर में यह खरीदारी सोमवार को बाजार बंद होने के बाद मार्च तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद देखने को मिली। हाउसिंग फाइनेंस कंपनी का जनवरी-मार्च तिमाही में मुनाफा 19 फीसदी बढ़कर 656 करोड़ रुपये हो गया। यह एक साल पहले की इसी तिमाही में 550 करोड़ रुपये था।
शेयर में जारी तेजी के बीच ब्रोकरेज हाउसेस ने पीएनबी हाउसिंग (PNB Housing) पर पॉजिटिव राय दी है। उनका कहना है कि कंपनी ने एक बेहद मजबूत तिमाही प्रदर्शन दर्ज किया और अफोर्डेबल सेगमेंट में तिमाही आधार पर सुधार के संकेत देखने को मिले।
जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज ने पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस पर BUY रेटिंग के साथ 960 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के पिछले बंद भाव 905 रुपये से 5 फीसदी ज्यादा है।
ब्रोकरेज का मानना है कि पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस ने बेहद मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है। अफोर्डेबल सेगमेंट में तिमाही आधार पर सुधार के संकेत मिले, जबकि प्राइम और इमर्जिंग सेगमेंट में मजबूत ग्रोथ देखने को मिली। कंपनी ने मैनेजमेंट के मार्गदर्शन के अनुसार इस तिमाही में कॉरपोरेट सेगमेंट में लोन वितरण फिर से शुरू किया, जिसने कुल वितरण में 4 प्रतिशत का योगदान दिया। ब्रोकरेज मैनेजमेंट कॉल के बाद जरूरत पड़ने पर अपने अनुमान में बदलाव करेगा।
यह पढ़ें: 47% तक रिटर्न! 12 महीनों के लिए ब्रोकरेज ने 7 दमदार स्टॉक्स पर दी BUY की सलाह
मॉर्गन स्टैनली ने पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस पर ‘Overweight’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,160 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के पिछले बंद भाव 905 रुपये से करीब 28 फीसदी ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि मजबूत एग्जीक्यूशन और बेहतर रिकवरी के कारण कंपनी के नतीजे अनुमान से बेहतर रहे। ब्रोकरेज ने बताया कि लगभग 9,350 करोड़ रुपये का लोन वितरण उसके अनुमान से करीब 15 प्रतिशत अधिक रहा, जबकि रिटेल लोन ग्रोथ साल-दर-साल 16 प्रतिशत के स्वस्थ स्तर पर बनी रही।ब्रोकरेज ने यह भी जोड़ा कि कंपनी का मूल्यांकन अभी भी आकर्षक है, जिससे शेयर में आगे निवेशकों की रुचि बनी रह सकती है।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)