Q4 Results today, April 20: एशियाई बाजारों में बढ़त के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन यानी सोमवार (20 अप्रैल) को सपाट रुख के साथ खुल सकते हैं। गिफ्ट निफ्टी फ्यूचर्स सुबह 8:20 बजे 31 अंक की बढ़त लेकर 24,441 पर था। यह प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 के सपाट खुलने का संकेत देता है।
ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना की तरफ से ईरान के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त किए जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव फिर बढ़ गया। इससे पहले ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की थी।
होर्मुज को फिर से खोलने के फैसले से ईरान पलट गया है जिससे शांति वार्ता और ऊर्जा कीमतों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इससे निवेशकों की मुसीबतें एक बार फिर बढ़ सकती है। शनिवार को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से अपने नियंत्रण में लेना शुरू कर दिया जिससे अनिश्चितताएं बढ़ गईं।
ईरान ने अमेरिका पर संघर्ष-विराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखी हुई है। होर्मुज स्ट्रेट से गुज़रने की कोशिश कर रहे जहाज़ों पर गोलीबारी भी की गई है। सप्ताहांत के दौरान होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय झंडे वाले दो जहाज़ों पर गोलीबारी हुई थी।
प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने 18 अप्रैल को मार्च 2026 तिमाही के नतीजे घोषित किए। इस तिमाही में बैंक का प्रदर्शन मजबूत रहा और स्टैंडअलोन आधार पर उसे 19,221 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ। यह मुनाफा पिछले साल की समान तिमाही के 17,616 करोड़ रुपये के मुकाबले 9 प्रतिशत ज्यादा है, जिससे साफ है कि बैंक की कमाई में अच्छी बढ़त देखने को मिली है।
बैंक ने अपने शेयरधारकों को राहत देते हुए वित्त वर्ष 2026 के लिए फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है। बैंक 13 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के हिसाब से डिविडेंड देगा। हालांकि, यह डिविडेंड तभी मिलेगा जब शेयरधारक इसे अगली वार्षिक आम बैठक (AGM) में मंजूरी देंगे। बैंक ने यह भी साफ किया है कि इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 19 जून 2026 तय की गई है, यानी इसी तारीख तक जिन निवेशकों के पास शेयर होंगे, उन्हें इसका फायदा मिलेगा।