Realty Stock: रियल एस्टेट कंपनी सनटेक रियल्टी (Sunteck Realty) पर ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का पॉजिटिव रुख है। प्री-सेल्स ग्रोथ आगे भी जारी रहने, FY27 के लिए मजबूत पाइपलाइन लॉन्च, और बिजनेस डेवलपमेंट में तेजी से कंपनी की ग्रोथ को तगड़ा बूस्ट मिलने की उम्मीद है। ब्रोकेरज का कहना है कि कंपनी आने वाले सालों में प्री-सेल्स ग्रोथ, प्रीमियम प्रोजेक्ट्स और मजबूत बैलेंस शीट के दम पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। ऐसे में यह स्टॉक मिड-टू-लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है।
ब्रोकरेज हाउस मोतीलाल ओसवाल ने सनटेक रियल्टी पर BUY रेटिंग के साथ 530 रुपये का टारगेट दिया है। गुरुवार (23 अप्रैल) को शेयर 353 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था। इस तरह मौजूदा भाव से स्टॉक आगे करीब 50 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दे सकता है।
23 अप्रैल को शेयर पर दबाव देखने को मिला। दोपहर 3 बजे के आसपास शेयर 1.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। बीते एक साल में स्टॉक खास परफॉर्म नहीं किया और करीब 15 फीसदी का निगेटिव रिटर्न देखने को मिला। हालांकि, बीते एक महीने में एक अपसाइड ट्रेंड शेयर में दिखाई दिया है और यह इस दौरान 22 फीसदी से ज्यादा उछल चुका है। BSE पर शेयर का 52 हफ्ते का हाई 478.30 और लो 270.30 है। कंपनी का मार्केट कैप 5,187 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष (FY26) में सनटेक रियल्टी ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए तीन नए प्रोजेक्ट जोड़े, जिनका कुल संभावित मूल्य (GDV) करीब ₹5,000 करोड़ है। FY26 में कंपनी ने बिजनेस डेवलपमेंट पर ₹810 करोड़ खर्च किए, जो FY25 के ₹180 करोड़ के मुकाबले काफी ज्यादा है। इससे आने वाले समय में ग्रोथ के नए मौके मिलेंगे।
कंपनी के पास FY27 के लिए ₹6,000–7,000 करोड़ की लॉन्च पाइपलाइन है, जिसमें अंधेरी, मीरा रोड, वसई और नायगांव जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। सके अलावा, दुबई प्रोजेक्ट लॉन्च के लिए तैयार है, लेकिन इसका समय पश्चिम एशिया की स्थिति पर निर्भर करेगा। यह प्रोजेक्ट लॉन्च होने पर प्री-सेल्स ग्रोथ में अतिरिक्त बढ़त दे सकता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की प्री-सेल्स ग्रोथ सबसे बड़ा ट्रिगर है। चौथी तिमाही (4QFY26) में प्री-सेल्स में सालाना आधार पर 22% की बढ़ोतरी दर्ज की, जो बढ़कर ₹1,060 करोड़ हो गई। इसकी मुख्य वजह अल्ट्रा-लग्जरी सेगमेंट (57% हिस्सेदारी) का मजबूत योगदान और Avenue 5 प्रोजेक्ट को मिला अच्छा रिस्पॉन्स था। इसके चलते FY26 में प्री-सेल्स सालाना आधार पर 25% बढ़कर ₹3200 करोड़ हो गई।
मैनेजमेंट को उम्मीद है कि FY26 की रफ्तोर मौजूदा साल में भी बनी रहेगी। FY26-28E के दौरान प्री-सेल्स में 23% CAGR की बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं, जिससे यह ₹4800 करोड़ तक पहुच जाएगी।
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का नेट डेट टू इक्विटी रेशियो बेहद कम (0.06x) है। कंपनी लगभग डेट फ्री या कर्ज मुक्त की स्थिति में है। इससे कंपनी की फाइनेंशियल स्थिति मजबूत बनी हुई है। चौथी तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 65% बढ़कर ₹340 करोड़ हो गया। कंपनी ने ₹96.7 का कामकाजी मुनाफा (EBITDA) दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 41% ज्यादा है। वहीं, EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 482bp घटकर 28.5% रह गया। एडजस्टेड PAT ₹63.8 करोड़ रहा, जो सालाना आधार पर 27% ज्यादा है। PAT मार्जिन 19% रहा।
डिस्क्लेमर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। ये बिजनेस स्टैंडर्ड हिंदी के विचार नहीं हैं। शेयर बाजार में निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।