पिछले महीने शेयरों में बड़े पैमाने पर हुई रिकवरी ने एडवांस-डिक्लाइन रेशियो (एडीआर) यानी चढ़ने और गिरने वाले शेयरों के अनुपात को अप्रैल में 1.54 तक पहुंचा दिया। यह जून 2020 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। मार्च में एडीआर फिसलकर 0.77 पर आ गया था, जो फरवरी 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर था। 1 से कम एडीआर यह दर्शाता है कि गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़ने वाले शेयरों से ज्यादा है।
बेंचमार्क और प्रमुख सूचकांकों, दोनों में बढ़त के साथ-साथ बाजार की स्थिति भी बेहतर हुई। अप्रैल में सेंसेक्स में 6.9 प्रतिशत और निफ्टी 50 में 7.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ। यह दिसंबर 2023 के बाद उनका सबसे मजबूत मासिक प्रदर्शन था। यह बढ़ोतरी मार्च में आई भारी गिरावट के बाद हुई। मार्च में सूचकांक क्रमशः 11.5 प्रतिशत और 11.3 प्रतिशत गिरे थे जो मार्च 2020 के बाद की सबसे बड़ी गिरावट थी।
प्रमुख सूचकांकों ने बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप 100 में 13.6 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। यह नवंबर 2020 के बाद से उसका सबसे अच्छा प्रदर्शन था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 18.4 प्रतिशत की तेजी आई जो मई 2014 के बाद से सबसे अधिक है। बाजार कारोबारियों का मानना है कि भविष्य में एडीआर मजबूत बना रहेगा, जिसे तेज घरेलू तरलता के चलते मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जारी तेजी का सहारा मिलेगा।