बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रहने के संकेत मिल रहे हैं। ग्लोबल बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह 7:42 बजे GIFT Nifty करीब 110 अंक टूटकर 23,449 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि Sensex और Nifty लाल निशान में खुल सकते हैं।
दरअसल, अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान पर हमले को लेकर फैसला लेने के बेहद करीब थे, लेकिन फिलहाल इस फैसले को कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। इस बयान के बाद दुनियाभर के बाजारों में बेचैनी बढ़ गई है। निवेशकों को डर है कि अगर तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आ सकती है, जिससे महंगाई का दबाव बढ़ेगा।
ग्लोबल तनाव का असर एशियाई बाजारों पर भी साफ नजर आया। जापान का Nikkei 225 करीब 1.25 फीसदी टूट गया, जबकि दक्षिण कोरिया का KOSPI करीब 1 फीसदी नीचे कारोबार करता दिखा। हांगकांग का Hang Seng भी करीब 0.50 फीसदी फिसला। वहीं ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स करीब 1 फीसदी नीचे रहा।
कच्चे तेल की कीमतों में भी हल्की नरमी देखने को मिली। Brent Crude करीब 110.72 डॉलर प्रति बैरल और WTI Crude करीब 103.65 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए। S&P 500 और Nasdaq Composite लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी 10 साल की ट्रेजरी यील्ड पिछले साल की शुरुआत के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ा।
Nasdaq Composite करीब 0.8 फीसदी टूटा, जबकि Dow Jones और S&P 500 दोनों में करीब 0.7 फीसदी की गिरावट रही।
आज इन शेयरों पर रहेगी बाजार की नजर
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन यानी BPCL का मार्च तिमाही का मुनाफा करीब 1 फीसदी घटकर 3,191 करोड़ रुपये रहा। हालांकि कंपनी की आय में बढ़ोतरी देखने को मिली और रेवेन्यू 6.3 फीसदी बढ़कर 1.34 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया।
प्राइवेट सेक्टर के Karnataka Bank ने शानदार नतीजे पेश किए हैं। मार्च तिमाही में बैंक का मुनाफा करीब 62 फीसदी बढ़कर 408 करोड़ रुपये हो गया। वहीं नेट इंटरेस्ट इनकम यानी NII भी 8 फीसदी बढ़कर 843 करोड़ रुपये पहुंच गई।
Hindalco की सहयोगी कंपनी Novelis को मार्च तिमाही में 84 मिलियन डॉलर का घाटा हुआ है। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 294 मिलियन डॉलर का मुनाफा हुआ था। अमेरिका के Oswego प्लांट में आग लगने की घटनाओं का असर कंपनी के प्रदर्शन पर पड़ा। हालांकि कंपनी की बिक्री में 4.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
फार्मा कंपनी Mankind Pharma का शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में करीब 32 फीसदी बढ़कर 554 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी की आय भी लगभग 12 फीसदी बढ़कर 3,443 करोड़ रुपये हो गई।
JSW Energy ने Toshiba JSW Power Systems में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए समझौता किया है। कंपनी 150 करोड़ रुपये में अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। इस डील के बाद कंपनी की हिस्सेदारी बढ़ जाएगी। माना जा रहा है कि इससे JSW Energy की थर्मल पावर कारोबार में पकड़ मजबूत होगी।
Godawari Power and Ispat का कंसोलिडेटेड मुनाफा करीब 27 फीसदी बढ़कर 280 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं कंपनी की आय में भी करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
दूसरी तरफ Orkla India का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़कर 73 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी की आय में भी 5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
PTC India का मार्च तिमाही का मुनाफा करीब 69 फीसदी गिरकर 105 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि कंपनी की आय में 33 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली।
Sula Vineyards ने जानकारी दी है कि कंपनी के CFO अभिषेक कपूर 14 जुलाई से अपने पद से इस्तीफा देंगे। उनकी जगह रिंकू मोरे को नया CFO Designate नियुक्त किया गया है।
Jaro Institute of Technology Management and Research में Singularity Growth Opportunities Fund II ने अपनी 1.27 फीसदी हिस्सेदारी खुले बाजार में बेच दी। वहीं कंपनी के प्रमोटर संजय सालुंखे ने करीब 0.94 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है।