Stocks To Watch Today, May 19: शेयर बाजार में आज कई बड़ी कंपनियों के शेयर चर्चा में रह सकते हैं। कहीं नए निवेश की घोषणा हुई है तो कहीं बड़े ऑर्डर और डील की खबर सामने आई है। इसके अलावा कई दिग्गज कंपनियां आज अपने तिमाही नतीजे भी जारी करेंगी। आइए जानते हैं आज किन शेयरों पर निवेशकों की खास नजर रहने वाली है।
Eicher Motors की सहायक कंपनी Royal Enfield आंध्र प्रदेश के ताडा (तिरुपति) में नया ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने की तैयारी में है। कंपनी करीब 215.7 एकड़ जमीन हासिल करेगी। इस परियोजना में लगभग 2,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस विस्तार से कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आने वाले समय में घरेलू व निर्यात बाजार में कंपनी की स्थिति और मजबूत हो सकती है।
JSW Steel में बड़ी ब्लॉक डील देखने को मिली है। राजीव जैन और टिम कार्वर की कंपनी GQG Partners के Emerging Markets Equity Fund ने करीब 1.5 करोड़ शेयर खरीदे हैं। यह हिस्सेदारी लगभग 0.61 प्रतिशत के बराबर है और इसकी कीमत करीब 1,890 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
वहीं SBI Mutual Fund ने भी 1 करोड़ अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं, जिसकी कुल कीमत करीब 1,260 करोड़ रुपये है। यह शेयर JSW Energy ने बेचे हैं, जो कंपनी की प्रमोटर इकाई है। इस डील के बाद बाजार में JSW Steel को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।
Adani Group ने अमेरिका के Treasury Department के Office of Foreign Assets Control यानी OFAC के साथ एक मामले में समझौता किया है। मामला ईरान से जुड़े एलपीजी आयात और प्रतिबंधों के कथित उल्लंघन से संबंधित था।
कंपनी के अनुसार, उसने जांच में पूरा सहयोग किया और कई जानकारियां खुद साझा कीं। इस मामले को सुलझाने के लिए Adani Enterprises 275 मिलियन डॉलर का भुगतान करेगी। हालांकि कंपनी ने साफ कहा है कि यह समझौता किसी अपराध या गलती को स्वीकार करने जैसा नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2023 से जून 2025 के बीच दुबई स्थित एक ट्रेडर के जरिए एलपीजी की खरीद की गई थी, जिसे ओमान और इराक से जुड़ा बताया गया था। बाद में जांच में पता चला कि सप्लाई में ईरानी गैस भी शामिल थी।
Hyundai Motor भारत में अपनी उत्पादन क्षमता तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का लक्ष्य FY28 तक भारत में 10 लाख यूनिट सालाना उत्पादन क्षमता हासिल करना है। इसके साथ ही भारत, दक्षिण कोरिया के बाद कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा एक्सपोर्ट हब भी बन सकता है।
कंपनी FY27 में करीब 7,500 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश करेगी। इसका बड़ा हिस्सा चेन्नई प्लांट के अपग्रेडेशन पर खर्च होगा। फिलहाल चेन्नई और तालेगांव प्लांट की संयुक्त उत्पादन क्षमता 9.94 लाख यूनिट सालाना है, जिसे 2028 तक बढ़ाकर 10.74 लाख यूनिट करने की योजना है।
Vascon Engineers को Reliance Industries से 131.58 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। कंपनी को जामनगर में RG Expansion प्रोजेक्ट के तहत चार G+12 इमारतों का निर्माण करना है।
कंपनी के मुताबिक यह प्रोजेक्ट ऑर्डर मिलने की तारीख से 19 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा। इस खबर के बाद आज कंपनी के शेयर पर निवेशकों की नजर रह सकती है।
आज कई बड़ी कंपनियां अपने चौथी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें Bharat Electronics, Zydus Lifesciences, Bharat Petroleum Corporation, Mankind Pharma, PI Industries, PNC Infratech और Zee Entertainment Enterprises जैसी कंपनियां शामिल हैं।
इन कंपनियों के नतीजों का असर आज बाजार की चाल पर देखने को मिल सकता है।