Stocks to Watch Today: वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों के बीच बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी50 आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट में खुल सकते हैं।
GIFT निफ्टी फ्यूचर्स सुबह 07:00 बजे लगभग 24,800 के स्तर पर था जो कि निफ्टी 50 इंडेक्स में ओपनिंग बेल पर 200 अंक से अधिक की गिरावट का संकेत देता है।
अमेरिका में गुरुवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक तेजी से गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के बहुत तेजी से धीमी होने के आंकड़ें जारी होने के चलती यह गिरावट आई। इसके अलावा फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।
इसके बाद टेक-हैवी नैस्डैक कंपोजिट में 2.30 प्रतिशत की गिरावट आई और एसएंडपी 500 1.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 1.21 प्रतिशत गिर गया।
आज इन कंपनियों के आएंगे नतीजे
ऐसमेन, एसीआई, अलकेमिस्ट रियल्टी, एडोर वेल्डिंग, एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज, अपोलो फिनवेस्ट (इंडिया), एप्टेक, एशिया कैपिटल, बांसवाड़ा सिंटेक्स, बेक्टर फूड्स स्पेशलिटीज, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, सीएएमएस, सेलिब्रिटी फैशन, कम्फर्ट इंटेक, डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज, डेल्हीवरी, धामपुर शुगर मिल्स, डॉल्फिन ऑफशोर एंटरप्राइजेज, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज, ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन फार्मास्यूटिकल्स, जीआरपी, हीलिंग टच ग्लोबल, हेस्टर बायोसाइंसेज, हिंदुस्तान जिंक, आईडीएफसी, इंडो यूरो इंडकेम, इंफीबीम एवेन्यूज, जिंदल होटल्स, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, लॉयड्स एंटरप्राइजेज, ल्यूसेंट इंडस्ट्रीज, श्री रेणुका शुगर्स, रेजोनेंस स्पेशलिटीज, एसएएमएचआई होटल्स, सारेगामा इंडिया, सैच एंड कंपनी, सुदर्शन केमिकल इंडस्ट्रीज, सुजला ट्रेडिंग एंड होल्डिंग्स, सनगोल्ड कैपिटल, सुपर टेनरी, सुरभि इंडस्ट्रीज, सूर्या लक्ष्मी कॉटन मिल्स, ताजजीवीके होटल्स एंड रिसॉर्ट्स, टेक्सिनफ्रा, टिन्ना रबर, टाइटन कंपनी, तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक, ट्रेड विंग्स, टीटीके हेल्थकेयर, यूनाइटेड जुबली इंडस्ट्रीज, यूपीएल, वैलेंट कम्युनिकेशंस, विस्को ट्रेड एसोसिएट्स, यारी डिजिटल इंटीग्रेटेड सर्विसेज और ज़ाइडस वेलनेस।
इस बीच, आज के कारोबार में इन शेयरों ओर रखें नजर
Infosys: आईटी कंपनी ने बताया कि उसे कर्नाटक राज्य के अधिकारियों से एक सन्देश मिला है जिसमें पूर्व में जारी किया गया ‘कारण बताओ नोटिस’ वापस ले लिया गया है और कंपनी को इस मामले पर डीजीजीआई केंद्रीय प्राधिकरण को एक और जवाब पेश करने का निर्देश दिया गया है।
इंफोसिस को पहले जुलाई 2017 से मार्च 2022 की अवधि के लिए कर्नाटक राज्य जीएसटी अधिकारियों से 32,403 करोड़ रुपये के जीएसटी भुगतान का नोटिस मिला था, जो कंपनी के विदेशी शाखा कार्यालयों द्वारा किए गए खर्चों से संबंधित था।
ITC: विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत आईटीसी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में मामूली घटकर 5,176.99 करोड़ रुपये रहा है। आईटीसी लिमिटेड ने गुरुवार को कहा कि उसके मुनाफे पर व्यापक आर्थिक चुनौतियों का असर पड़ा है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 5,189.61 करोड़ रुपये रहा था।
आईटीसी लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी परिचालन आय जून तिमाही में 7.45 प्रतिशत बढ़कर 20,029.60 करोड़ रुपये रही है। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 18,639.48 करोड़ रुपये थी।
Tata Motors: Q1FY25 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 74 फीसदी बढ़कर 5,566 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 3,203 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। टाटा ग्रुप की कंपनी ने कहा कि Q1FY25 में इसकी कुल आय बढ़कर 1,09,623 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की जून तिमाही में यह 1,03,597 करोड़ रुपये थी।
Adani Enterprises: अदाणी एंटरप्राइजेज की पहली तिमाही की कमाई दोगुने से भी ज्यादा हो गई। नए एनर्जी डिवीजन में बढ़ोतरी ने कोयला व्यापार में कमजोरी की भरपाई की। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि 30 जून को समाप्त तिमाही में कंसोलिडेटिड नेट प्रॉफिट 674 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,455 करोड़ रुपये (लगभग 174 मिलियन डॉलर) हो गया। यह कंपनी अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी है।
Zomato: फूड एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म जोमैटो का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 25 की पहली तिमाही में कई गुना बढ़कर 253 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 24 की पहली तिमाही में यह दो करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 44.5 प्रतिशत तक बढ़ा है जो पिछली तिमाही में 175 करोड़ रुपये था।
पहली तिमाही में जोमैटो का परिचालन से राजस्व सालाना आधार पर 74 प्रतिशत बढ़कर 4,206 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने पिछली तिमाही में 19.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,562 का राजस्व दर्ज किया था।
Sun Pharmaceutical: Q1FY25 में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 40 फीसदी बढ़कर 2,836 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि यानी Q1FY24 में यह 2,026 करोड़ रुपये था। चालू वित वर्ष की पहली तिमाही में सन फार्मा का ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर 6 फीसदी बढ़कर 12,653 करोड़ रुपये हो गया। जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 11,941 करोड़ रुपये था।
Dabur India: रोजमर्रा के सामान बनाने वाली भारतीय कंपनी डाबर का वित्त वर्ष 2025 की जून में समाप्त पहली तिमाही में शुद्ध लाभ एक साल पहले के मुकाबले 8 फीसदी बढ़कर 500 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 463 करोड़ रुपये था। रियल फ्रूट जूस और हाजमोला कैंडी बनाने वाली कंपनी की शुद्ध बिक्री भी एक साल पहले के 3,130 करोड़ रुपये के मुकाबले 7 फीसदी बढ़कर 3,349 करोड़ रुपये रही।
JSW Infrastructure: कंपनी ने एक्सचेंजों को सूचित किया है कि उसके निदेशक मंडल ने चेयरमैन के रूप में रिंकेश रॉय की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है और उन्हें 01 अगस्त, 2024 से कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधन कार्मिक के रूप में नामित किया है।