Stocks To Watch Today, May 22: शेयर बाजार में शुक्रवार के कारोबारी सत्र में कई कंपनियों से जुड़ी बड़ी खबरें निवेशकों का ध्यान खींच सकती हैं। तिमाही नतीजों, फंड जुटाने, हिस्सेदारी खरीद-बिक्री और कीमतों में बढ़ोतरी जैसे अपडेट्स के चलते कई स्टॉक्स फोकस में रहने वाले हैं।
ITC ने मार्च तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर करीब 5 फीसदी बढ़कर 5,113 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 4,875 करोड़ रुपये था। बेहतर कमाई के चलते बाजार में आईटीसी के शेयरों पर नजर बनी रह सकती है।
Paytm की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस में बड़ी हिस्सेदारी बिक्री की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक SAIF Partners करीब 86 लाख शेयर बेच सकता है, जो कंपनी में 1.3 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। यह सौदा ब्लॉक डील के जरिए हो सकता है और इसका फ्लोर प्राइस 1,120.65 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
Maruti Suzuki India ने बढ़ती लागत के दबाव के बीच अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी जून 2026 से अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी का कहना है कि लगातार बढ़ती इनपुट कॉस्ट और महंगाई के असर को देखते हुए लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।
Tata Steel को जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट मामले में बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने 890.52 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड से जुड़े मामले में आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। यह मामला वित्त वर्ष 2018-19 से 2020-21 के बीच का बताया जा रहा है।
Indian Overseas Bank के बोर्ड ने 5,000 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने को मंजूरी दे दी है। बैंक यह राशि एफपीओ, राइट्स इश्यू, क्यूआईपी या प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए अलग-अलग चरणों में जुटा सकता है।
इसके अलावा बोर्ड ने कर्मचारियों को 10 करोड़ शेयर जारी करने और 1,000 करोड़ रुपये तक के BASEL III कंप्लायंट टियर-II बॉन्ड जारी करने की भी मंजूरी दी है।
India Motor Parts & Accessories में TSF Investments ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। कंपनी के सबसे बड़े पब्लिक शेयरहोल्डर TSF Investments ने 3.54 लाख शेयर खरीदे हैं। यह सौदा करीब 40.71 करोड़ रुपये में 1,149 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ।
वहीं दूसरी ओर Pari Washington Investment Fund और Pari Washington India Master Fund ने मिलकर करीब 2.45 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी है। दोनों फंड्स ने कुल मिलाकर 3 लाख से ज्यादा शेयर ऑफलोड किए हैं।
Energy Infrastructure Trust में Tara Investments 2 ने बड़ी हिस्सेदारी खरीदी है। कंपनी ने Brookfield Corporation की सहयोगी इकाई Rapid Holdings 2 Pte से 3.04 करोड़ यूनिट्स खरीदी हैं। यह सौदा 231.34 करोड़ रुपये में 76.1 रुपये प्रति यूनिट के भाव पर हुआ। इस खरीद के बाद Tara Investments 2 की हिस्सेदारी ट्रस्ट में 4.57 फीसदी हो गई है।