Stocks To Watch Today, June 2: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी बिकवाली देखने को मिली। सकारात्मक शुरुआत के बावजूद कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ी, जिसके चलते मुनाफावसूली हावी रही।
सेंसेक्स 508 अंक यानी 0.68 फीसदी की गिरावट के साथ 74,267 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 165 अंक टूटकर 23,383 के स्तर पर आ गया। लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बाजार में कमजोरी देखने को मिली। वहीं गिफ्ट निफ्टी के संकेत भी मंगलवार को कमजोर शुरुआत की ओर इशारा कर रहे हैं।
आईटी कंपनी विप्रो की स्टेप-डाउन सब्सिडियरी Wipro IT Services, Aggne Global Inc. में अतिरिक्त 20 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। यह सौदा 5 जून तक पूरा होने की उम्मीद है। इससे पहले फरवरी 2024 में विप्रो समूह ने कंपनी में 60 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था।
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी ने इसके लिए प्रति शेयर 37.74 रुपये का फ्लोर प्राइस तय किया है। इस कदम के जरिए कंपनी संस्थागत निवेशकों से पूंजी जुटाएगी।
ब्लैक बॉक्स ने AIONOS के साथ रणनीतिक गठजोड़ किया है। दोनों कंपनियां मिलकर एंटरप्राइज ग्राहकों को एआई आधारित समाधान उपलब्ध कराएंगी। इस साझेदारी का उद्देश्य कंपनियों की एआई ट्रांसफॉर्मेशन प्रक्रिया को तेज करना है।
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनएचपीसी में हिस्सेदारी बिक्री की घोषणा की है। ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कुल 6 फीसदी हिस्सेदारी बेची जाएगी, जिसमें 3 फीसदी ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है। शेयर का फ्लोर प्राइस 71 रुपये रखा गया है। गैर-खुदरा निवेशकों के लिए OFS 2 जून को और खुदरा निवेशकों के लिए 3 जून को खुलेगा।
केंद्र सरकार ने ब्रजेश कुमार सिंह को केनरा बैंक का प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति बैंक के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव मानी जा रही है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने मिराए एसेट म्यूचुअल फंड को इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक में 9.5 फीसदी तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। इससे बैंक में संस्थागत निवेशकों की भागीदारी और मजबूत हो सकती है।
आयशर मोटर्स की सहयोगी कंपनी रॉयल एनफील्ड ने मई महीने में शानदार बिक्री दर्ज की है। कंपनी की कुल बिक्री 15 फीसदी बढ़कर 1,03,231 यूनिट रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 89,429 यूनिट थी।
फिनो पेमेंट्स बैंक ने Ezee.ai के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते के तहत बैंक एआई आधारित लोन ओरिजिनेशन सिस्टम, बिजनेस रूल्स इंजन और कलेक्शन मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगा।
एसीएमई सोलर होल्डिंग्स ने 2,800 करोड़ रुपये तक की पूंजी जुटाने के लिए क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट शुरू कर दिया है। इस फंड का उपयोग कंपनी अपने विस्तार और परियोजनाओं में निवेश के लिए कर सकती है।
पीएनसी इंफ्राटेक को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फ्लाईओवर निर्माण के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण से लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) प्राप्त हुआ है। यह ऑर्डर कंपनी की ऑर्डर बुक को और मजबूत करेगा।