अगले हफ्ते शेयर बाजार में डिविडेंड की चहल-पहल तेज रहने वाली है क्योंकि कई बड़ी कंपनियां अपने निवेशकों को मुनाफे का हिस्सा देने जा रही हैं। खास बात यह है कि इन कंपनियों ने एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट दोनों की घोषणा कर दी है, इसलिए अगर आप डिविडेंड का फायदा उठाना चाहते हैं तो समय पर शेयर खरीदना जरूरी होगा। इस लिस्ट में ऑटो, फार्मा, रेटिंग, पैकेजिंग और इंडस्ट्रियल सेक्टर की कई नामी कंपनियां शामिल हैं। इनमें कुछ कंपनियां फाइनल डिविडेंड दे रही हैं तो कुछ अंतरिम डिविडेंड देने जा रही हैं। साथ ही कंपनियां रकम भी काफी आकर्षक बांट रही हैं जिससे निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।
अगले हफ्ते डिविडेंड देने वाली कंपनियों में सबसे पहले नाम आता है सीआईई ऑटोमोटिव इंडिया लिमिटेड (CIE Automotive India Ltd) का, जो 22 अप्रैल 2026 को एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट के साथ 7 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दे रही है। इसके साथ ही फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सानोफी इंडिया लिमिटेड (Sanofi India Ltd) भी 22 अप्रैल 2026 को 48 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दे रही है, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा रकम में से एक है।
वहीं क्रिसिल लिमिटेड (CRISIL Ltd) 23 अप्रैल 2026 को एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट के साथ 9 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दे रही है। पैकेजिंग सेक्टर की कंपनी ह्यूहतामाकी इंडिया लिमिटेड (Huhtamaki India Ltd) 2 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देगी, जिसकी एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट 23 अप्रैल है। इसके अलावा ऑटो कंपोनेंट सेक्टर की एक और मजबूत कंपनी शेफलर इंडिया लिमिटेड (Schaeffler India Ltd) भी 23 अप्रैल 2026 को 35 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित कर चुकी है।
Also Read: डिजिटल ट्रेडिंग का दबदबा बढ़ा, डीलर आधारित शेयर कारोबार घटकर 25% पर आया
इस लिस्ट में मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियां भी पीछे नहीं हैं, मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (Mold-Tek Technologies Ltd) 24 अप्रैल 2026 को अंतरिम डिविडेंड दे रही है, हालांकि कंपनी ने पैसे का खुलासा नहीं किया है लेकिन एक्स-डेट और रिकॉर्ड डेट दोनों 24 अप्रैल तय किए गए हैं।
इसी दिन मोल्ड-टेक पैकेजिंग लिमिटेड (Mold-Tek Packaging Ltd) भी अंतरिम डिविडेंड दे रही है और इसकी एक्स-डेट व रिकॉर्ड डेट 24 अप्रैल 2026 है। इसके अलावा दिलचस्प बात यह है कि इसी कंपनी के नाम से जुड़ा सिक्योरिटी कोड 500368 (पतंजलि के नाम से लिस्टेड एंट्री) भी अंतरिम डिविडेंड दिखा रहा है, जिसमें एक्स-डेट 24 अप्रैल 2026 और रिकॉर्ड डेट 25 अप्रैल 2026 तय की गई है।
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक. इन सभी कंपनियों के लिए एक अहम बात यह है कि निवेशकों को डिविडेंड पाने के लिए एक्स-डेट से पहले शेयर अपने डीमैट अकाउंट में रखने होंगे। क्योंकि एक्स-डेट के बाद शेयर खरीदने वाले निवेशकों को इस डिविडेंड का लाभ नहीं मिलेगा। रिकॉर्ड डेट पर कंपनी यह तय करती है कि किन निवेशकों को डिविडेंड दिया जाएगा, इसलिए टाइमिंग यहां सबसे महत्वपूर्ण फैक्टर बन जाती है।
कुल मिलाकर अगले हफ्ते बाजार में डिविडेंड से जुड़ी गतिविधियां काफी तेज रहने वाली हैं और अलग-अलग सेक्टर की कंपनियों के कारण निवेशकों के पास अच्छे मौके मौजूद हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो रेगुलर इनकम या डिविडेंड यील्ड पर फोकस करते हैं।