VI Share price: Vodafone Idea के शेयर में हाल के दिनों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। कंपनी का शेयर 21 महीने बाद फिर से 15 रुपये के ऊपर पहुंच गया है। इतना ही नहीं, 2 अप्रैल 2026 को बने 8.13 रुपये के निचले स्तर से यह शेयर करीब 85 फीसदी उछल चुका है। गुरुवार को शेयर एनएसई पर 15 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। निवेशकों की दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह 10 बजे तक करीब 24 करोड़ शेयरों में कारोबार हो चुका था।
विश्लेषकों के मुताबिक, कंपनी पर सरकार को देनी वाली AGR (एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू) देनदारी में करीब 27 फीसदी की कमी आई है। इससे कंपनी पर वित्तीय दबाव कुछ कम हुआ है। इसके अलावा, भविष्य में नेटवर्क विस्तार के लिए निवेश (कैपेक्स) की योजनाएं और रेटिंग एजेंसी ICRA की ओर से रेटिंग अपग्रेड भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाने में मददगार रहे हैं। ICRA ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि आदित्य बिड़ला समूह लगातार Vodafone Idea को समर्थन दे रहा है। इससे कंपनी को कर्ज चुकाने और कारोबार को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।
PhonePe के Share.Market के क्वांट रिसर्चर निश्छल जैन का मानना है कि Vodafone Idea में फिलहाल मजबूत तेजी का माहौल बना हुआ है। कंपनी के हालिया नतीजों में सुधार और बढ़ते ट्रेडिंग वॉल्यूम भी इस तेजी को सहारा दे रहे हैं। उनके मुताबिक, मध्यम अवधि में शेयर का 20 रुपये तक पहुंचना संभव है। हालांकि यह तेजी एक सीधी रेखा में नहीं आएगी और बीच-बीच में मुनाफावसूली या ठहराव देखने को मिल सकता है।
यह पढ़ें: रिलायंस, IOC, BPCL सब फिसले… इस अदाणी कंपनी ने कैसे मारी बाजी?
विश्लेषक का कहना है कि शेयर फिलहाल “ओवरबॉट” जोन में पहुंच चुका है। यानी शेयर बहुत तेजी से ऊपर गया है और इसमें कुछ समय के लिए करेक्शन या ठहराव आ सकता है। 14 दिन का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) करीब 85 के स्तर पर है। आम तौर पर जब RSI 80 के ऊपर जाता है तो शेयर में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिलती है।
निश्छल जैन के मुताबिक, आने वाले हफ्तों में शेयर 16.50 रुपये और 18 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि 20 रुपये की ओर बढ़ने के लिए शेयर को 18 रुपये के ऊपर मजबूत वॉल्यूम के साथ साप्ताहिक क्लोजिंग देनी होगी।
फिलहाल 15.09 रुपये का स्तर शेयर के लिए पहली बड़ी रुकावट माना जा रहा है। वहीं नीचे की तरफ 14.06 रुपये के आसपास पहला सपोर्ट है। अगर शेयर में गिरावट आती है तो 12.80 रुपये से 13.30 रुपये का दायरा मजबूत सपोर्ट जोन माना जा रहा है। विश्लेषक का कहना है कि 10.80 रुपये के आसपास मौजूद 50-दिन का मूविंग एवरेज लंबे समय के ट्रेंड के लिए बेहद अहम स्तर है। अगर शेयर 11-11.50 रुपये के ऊपर बना रहता है तो तेजी का रुझान कायम रह सकता है।
विश्लेषक फिलहाल सीधे ऊंचे स्तरों पर खरीदारी करने के बजाय “बाय ऑन डिप्स” की सलाह दे रहे हैं। उनका मानना है कि अगर शेयर में करेक्शन आता है और भाव 13 से 13.50 रुपये के आसपास आते हैं, तो निवेशक खरीदारी पर विचार कर सकते हैं। ऐसे में आगे 18 रुपये और 20 रुपये तक के लक्ष्य देखने को मिल सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)