तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 2.61 रुपये और 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनियों ने पिछले दो हफ्तों में चौथी बार कच्चे तेल के बढ़े दामों से हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए कीमतें बढ़ाई हैं।
इस नवीनतम मूल्य वृद्धि के बाद दिल्ली में बिना ब्रांड वाला पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। 15 मई से अब तक पेट्रोल की कीमतों में 7.38 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 7.52 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
इससे पहले मई में सरकारी कंपनियों ने 4 साल में पहली बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, क्योंकि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलिंडरों की बिक्री पर उन्हें प्रतिदिन 1,000 करोड़ रुपये का घाटा हो रहा था।
पिछले नौ दिनों में तेल कंपनियों ने किस्तों में तेल की कीमत बढ़ाई है। 15 मई को 3 रुपये प्रति लीटर, 19 मई को 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ोतरी हुई। 23 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में क्रमशः 87 पैसे प्रति लीटर और 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।
लागत से कम कीमत पर ईंधन बेचने के कारण कंपनियां दबाव में हैं। पश्चिम एशिया संकट की शुरुआत से ही कच्चा तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है, जबकि संघर्ष शुरू होने से पहले यह लगभग 80 डॉलर प्रति बैरल था।
विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में वृद्धि से तेल विपणन कंपनियों को आंशिक राहत मिलेगी। अकाउंटिंग और कंसल्टेंसी फर्म ग्रांट थॉर्नटन भारत में तेल और गैस के पार्टनर सौरभ मित्रा ने शनिवार को कहा कि भले ही पश्चिमी एशिया की स्थिति स्थिर हो जाए, होर्मुज स्ट्रेट के आसपास जोखिमों के पूरी तरह से कम होने में समय लगेगा, जिससे कच्चे तेल की कीमतें संभवतः 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहेंगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसके पहले कहा था कि 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलिंडरों की बिक्री पर कंपनियों का घाटा प्रतिदिन 1,000 करोड़ रुपये से घटकर 750 करोड़ रुपये रह गया था।