TCS Salary Hike: भारत की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने घोषणा की है कि वह सालाना वेतन वृद्धि (annual salary hike) लागू कर रही है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से सभी ग्रेड्स पर लागू होगी। हालांकि, वेतन वृद्धि की मात्रा के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
चीफ एचआर ऑफिसर सुदीप कुन्नुमल ने कहा, “हमें 1 अप्रैल से सभी ग्रेड्स के लिए सालाना वेतन वृद्धि लागू करते हुए खुशी हो रही है। Q4 में हमने भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स में निवेश जारी रखा, जिसमें अनुभवी टैलेंट और कैंपस हायरिंग के जरिए मजबूत भर्ती की गई।”
Also Read: TCS Q4FY26 Results: मुनाफा 12.22% बढ़कर ₹13,718 करोड़, ₹31 के डिविडेंड का तोहफा
कुन्नूमल ने आगे कहा कि AI-फर्स्ट संस्कृति विकसित करना और कर्मचारियों को AI-तैयार कौशलों से लैस करना FY26 में उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है और FY27 में भी जारी रहेगा, “क्योंकि हम अपने ग्राहकों की बदलती जरूरतों के साथ खुद को लगातार जोड़ रहे हैं।”
हालांकि, Q4 FY26 के अंत तक कंपनी ने तिमाही आधार पर 2,356 नए कर्मचारियों को जोड़ा। कंपनी ने बताया कि उसके पास कुल 2,70,000 कर्मचारी हैं, जिनकी दक्षता AI और ML में बेहतर है।
FY25 में कंपनी ने वेतन वृद्धि में देरी की थी, जिसे सितंबर 2025 से लागू किया गया था। यह लगभग पांच महीने की देरी के बाद हुआ था। उस समय वेतन वृद्धि 4.5 से 7 फीसदी के बीच रही, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को दो अंकों (double-digit) में बढ़ोतरी मिली।