facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

मई में GST संग्रह ने पकड़ी रफ्तार, 3.3% की बढ़त के साथ 1.67 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचा राजस्व संग्रह

Advertisement

हाई बेस इफेक्ट के बावजूद, मई में आयात कर में भारी उछाल और मजबूत औद्योगिक मांग के चलते कुल जीएसटी संग्रह बढ़कर 1.67 लाख करोड़ रुपये हो गया

Last Updated- June 01, 2026 | 11:02 PM IST
GST
प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो

मई में करदाताओं के रिफंड की रकम घटाने के बाद माल एवं सेवा कर (जीएसटी) राजस्व एक साल पहले की समान अव​धि के मुकाबले 3.3 फीसदी बढ़कर 1.67 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान सकल संग्रह 3.2 फीसदी बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपये हो गया। आज जारी सरकारी आंकड़ों से यह खुलासा हुआ है।

मई 2025 में एक दूरसंचार कंपनी द्वारा स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए लगभग 10,000 करोड़ के एकमुश्त भुगतान के कारण हेडलाइन वृद्धि दर पर उच्च बेस इफेक्ट का दबाव रहा। अगर इसे हटा कर देखें तो मई में कुल जीएसटी संग्रह में एक साल पहले की समान अव​धि के मुकाबले 9 फीसदी की बढ़ोतरी हुई जबकि रिफड के बाद शुद्ध संग्रह 10.1 फीसदी बढ़ा।

इस वृद्धि को मुख्य रूप से आयात से संबंधित राजस्व का सहारा मिला। आयात से सकल जीएसटी राजस्व इस महीने 59,654 करोड़ रुपये रहा और उसमें 19.1 फीसदी की वृद्धि हुई। शुद्ध सीमा शुल्क जीएसटी राजस्व 19.7 फीसदी बढ़कर 49,403 करोड़ हो गया। मगर सकल घरेलू जीएसटी राजस्व 2.6 फीसदी घटकर 1.35 लाख करोड़ रुपये रह गया और शुद्ध घरेलू राजस्व 2.3 फीसदी घटकर 1.18 लाख करोड़ रुपये हो गया। सकल घरेलू राजस्व में यह गिरावट नवंबर 2025 में दर्ज की गई 2.3 फीसदी के संकुचन के बाद आई है। मई में कुल रिफंड 27,281 करोड़ रुपये रहा जो पिछले साल के मुकाबले 2.6 फीसदी अधिक है।

सरकारी सूत्रों ने कहा कि औद्योगिक कच्चे माल और विनिर्माण में उपयोग किए जाने वाले सामानों के आयात अ​धिक होने से आयात कर संग्रह को बल मिला। आयात आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, कंप्यूटर प्रॉसेसिंग यूनिट (सीपीयू) के आयात से संग्रह में 387 फीसदी की वृद्धि हुई जबकि मेमरी चिप से संग्रह में 205 फीसदी की वृद्धि हुई। कोयले के आयात से जीएसटी संग्रह में 391 फीसदी की जबरदस्त वृद्धि हुई। तांबे से संबंधित आयात और लीथियम आयन बैटरी के आयात में भी मजबूत वृद्धि देखी गई। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, बिजली उपकरण, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक वाहन आपूर्ति श्रृंखलाओं में लगातार गतिविधियों का संकेत मिलता है।

सरकारी सूत्रों ने कर योग्य आपूर्ति में व्यापक वृद्धि की ओर भी इशारा किया। जीएसटीएन आंकड़ों से पता चला कि अप्रैल में वस्तु क्षेत्र में कर योग्य आपूर्ति 26.9 फीसदी बढ़कर 40.1 लाख करोड़ हो गई। 

प्रमुख क्षेत्रों में कंप्यूटर की कर योग्य आपूर्ति में 48.2 फीसदी, विद्युत मशीनरी में 34.1 फीसदी, दूरसंचार उपकरण में 24.6 फीसदी और यात्री वाहनों में 21.3 फीसदी की वृद्धि हुई। सरकारी सूत्रों ने बताया कि सोने और कीमती धातुओं की आपूर्ति में पिछले वर्ष के मुकाबले 46.9 फीसदी की वृद्धि हुई।

सूत्रों ने कहा, ‘कर योग्य आपूर्ति अर्थव्यवस्था में उपभोग के लिए एक अच्छा संकेतक है। यह वृद्धि किसी एक खंड पर केंद्रित नहीं है बल्कि कृषि, विनिर्माण, रसायन, धातु, इलेक्ट्रॉनिक्स और उपभोक्ता वस्तुओं में एक साथ फैली हुई है। इसलिए घरेलू अर्थव्यवस्था की मांग में वास्तविक वृद्धि हुई है।’

सेवा क्षेत्र ने भी गति बनाए रखी जहां कर योग्य आपूर्ति 22.2 फीसदी बढ़कर 11.5 लाख करोड़ रुपये हो गई। 

सरकारी सूत्रों ने बताया कि रियल एस्टेट सेवा (50 फीसदी), कानूनी एवं लेखा सेवा (47.2 फीसदी), आवास एवं खाद्य सेवा (41.6 फीसदी), रखरखाव एवं मरम्मत सेवा (32.4 फीसदी) और परिवहन सेवा (21.3 फीसदी) जैसी श्रेणियों में व्यापक वृद्धि देखी गई। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दो महीनों के लिए सकल जीएसटी संग्रह 4.37 लाख करोड़ रहा।

Advertisement
First Published - June 1, 2026 | 10:48 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement