भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 27 मार्च को खत्म हुए हफ्ते में देश का विदेशी मुद्रा भंडार (forex reserves) 10.28 अरब डॉलर घटकर 688.05 अरब डॉलर रह गया। इससे पहले वाले हफ्ते में भी भंडार में 11.413 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी और यह 698.346 अरब डॉलर पर आ गया था।
अगर थोड़ा पीछे जाएं तो 27 फरवरी को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब डॉलर के अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद इसमें गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है।
Also Read: मार्च में GST कलेक्शन 8.2% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़, छह महीने में सबसे मजबूत राजस्व वृद्धि दर्ज
RBI के डेटा के अनुसार इस गिरावट में सबसे बड़ा योगदान विदेशी मुद्रा संपत्ति (Foreign Currency Assets – FCA) में कमी का रहा, जो 6.622 अरब डॉलर घटकर 551.072 अरब डॉलर रह गई, जबकि इन आंकड़ों में डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य विदेशी मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल होता है।
इसी दौरान देश के गोल्ड रिजर्व (सोने का भंडार) का मूल्य भी 3.666 अरब डॉलर घटकर 113.521 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) 17 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.649 अरब डॉलर हो गए और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास भारत की रिजर्व पोजीशन भी 17 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.816 अरब डॉलर हो गई। कुल मिलाकर, पिछले कुछ हफ्तों में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जिसमें लगातार गिरावट का दबाव बना हुआ है।