facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

लैटिन अमेरिका में भारत की बड़ी कूटनीतिक चाल: पेरू के साथ व्यापार समझौते की तैयारी तेज

Advertisement

भारत और पेरू के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत के अगले दौर से पहले भारत ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए विमर्श पत्र साझा किया, जुलाई में अगला चरण पेरू में होगा।

Last Updated- June 17, 2025 | 10:05 PM IST
प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो

पेरू के साथ बातचीत के अगले दौर से पहले भारत ने उसे एक विमर्श पत्र सौंपा है, जिसमें भारत सरकार की मुख्य मांगें बताने वाला अनौपचारिक प्रस्ताव है। मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि इस विमर्श पत्र में उन क्षेत्रों का जिक्र भी किया गया है, जिन्हें भारत महफूज रखना चाहता है। बातचीत का आठवां दौर जुलाई के अंत में पेरू में होगा।

मामले की जानकारी रखने वाले व्यक्ति ने बिज़नेस स्टैंडर्ड से कहा, ‘विमर्श पत्र इसलिए साझा किया गया है ताकि दोनों देशों को स्पष्ट रूप से पता चल जाए कि वे चाहते क्या हैं। इससे सुनिश्चित होगा कि बातचीत बिना वजह लंबी न खिंचे।’ इसके बाद जल्द ही व्यापार करार के लिए वस्तुओं एवं सेवाओं की सूची भी साझा की जाएगी।

भारत और पेरू के बीच व्यापार करार के लिए साल 2017 से बातचीत चल रही है और इसका पांचवां दौर अगस्त 2019 में संपन्न हुआ था। इसके बाद कोविड-19 महामारी के कारण बातचीत रुक गई थी, जो पिछले साल फरवरी में दोबारा शुरू हुई। लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र में ब्राजील और चिली के बाद पेरू भारत का चौथा सबसे बड़ा निर्यात ठिकाना है। पेरू के साथ व्यापार करार पर जोर तब दिया जा रहा है, जब भारत निर्यात के अपने ठिकानों में विविधता लाने की कोशिश में है। यह लैटिन अमेरिकी देशों के साथ रणनीतिक और आर्थिक संबंध मजबूत करने की सरकार की रणनीति का भी हिस्सा है।

इससे पहले भारत ने चिली और मर्कोसर देशों (अर्जेंटीना, ब्राजील, उरुग्वे, पराग्वे और कोलंबिया) के साथ एक सीमित व्यापार करार किया था। चिली के साथ व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के लिए भारत ने पिछले महीने नई दिल्ली में पहले दौर की बातचीत की थी।

भारत और पेरू के बीच वित्त वर्ष 2024 में 5.9 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था। पेरू को भारत से निर्यात होने वाली प्रमुख वस्तुओं में कार, सूती धागा और फार्मास्युटिकल्स शामिल हैं, जबकि वहां से भारत को मुख्य तौर पर सोना, तांबे के अयस्क और कंसंट्रेट का निर्यात किया जाता है। भारत ने 2024-25 में 1 अरब डॉलर की वस्तुओं का निर्यात किया था और 4.9 अरब डॉलर की वस्तुओं का आयात किया था।

दोनों देश अपने मौजूदा संबंधों को और मजबूत करते हुए दुर्लभ खनिजों और खनन जैसे नए क्षेत्रों में विस्तार करना चाहते हैं क्योंकि लैटिन अमेरिका को तांबा, सोना एवं चांदी का प्रमुख उत्पादक माना जाता है। भारतीय उद्योग परिसंघ  की अप्रैल में कहा गया था कि नवंबर 2023 में पेरू में बड़ा लीथियम भंडार मिला था, जिससे यह देश वैश्विक लीथियम बाजार में प्रमुख खिलाड़ी बन गया है।

Advertisement
First Published - June 17, 2025 | 10:01 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement