केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) एक महीने के भीतर लागू हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने एक कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा, ‘यह ब्रिटेन की संसद द्वारा अब तक सबसे तेजी से स्वीकृत होने वाला समझौता है, जबकि आम तौर पर इस प्रक्रिया में डेढ़ साल का समय लगता है। इस समझौते पर पिछले साल 24 जुलाई को ही हस्ताक्षर किए गए थे।’
उन्होंने कहा, ‘दरअसल ब्रिटेन पूरी तरह तैयार है। दोनों देशों के बीच यह महत्त्वपूर्ण समझौता अब से एक महीने के अंदर लागू हो जाएगा। यह ब्रिटेन द्वारा अब तक स्वीकृत किए गए समझौतों में सबसे तेजी से अमल में आने वाला समझौता होगा।’ पिछले वर्ष भारत और ब्रिटेन ने एक आधुनिक और व्यापक व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। इसके तहत भारत के 99 प्रतिशत निर्यात की जाने वाली वस्तुएं ब्रिटेन में बिना शुल्क (ड्यूटी-फ्री) जा सकेंगे, जबकि ब्रिटेन के भी 90 प्रतिशत उत्पाद भारत के बाजार में शून्य शुल्क पर आ सकेंगे।
इस समझौते के साथ ही एक नया दोहरा अंशदान समझौता भी हुआ है, जिसके तहत सामाजिक सुरक्षा अंशदान के लगभग 20 प्रतिशत के दोहरे भुगतान से तीन वर्षों तक छूट मिलेगी। इससे ब्रिटेन में काम कर रहे लगभग 75,000 भारतीय पेशेवरों को लाभ होगा।