मई में भारत के निजी क्षेत्र की गतिविधि में मामूली नरमी आने की उम्मीद है, क्योंकि नए ऑर्डर, अंतरराष्ट्रीय बिक्री, रोजगार और व्यावसायिक गतिविधि की वृद्धि में गिरावट आई है और इनपुट महंगे हुए हैं। एक निजी सर्वेक्षण में गुरुवार को कहा गया कि इस वजह से सेवा फर्मों की तुलना में विनिर्माण क्षेत्र अधिक प्रभावित हुआ है।
एसऐंडपी ग्लोबल द्वारा संकलित एचएसबीसी का फ्लैश इंडिया कंपोजिट पर्चेजिंग मैनेजर्स आउटपुट इंडेक्स (पीएमआई) अप्रैल के 58.2 से गिरकर 58.1 पर आ गया। यह सूचकांक लगातार 58 महीनों से 50 से ऊपर बना हुआ है, जो वृद्धि और संकुचन के बीच की रेखा है।
एसऐंडपी के एक बयान में कहा गया है, ‘सेवा प्रदाताओं ने विनिर्माताओं को पीछे छोड़ दिया और उन्होंने महंगाई के दबाव को महसूस किया।’
फ्लैश पीएमआई से विनिर्माण, सेवा और समग्र पीएमआई डेटा के शुरुआती संकेत मिलते हैं। यह आमतौर पर अंतिम पीएमआई सूचकांक से एक सप्ताह पहले जारी किया जाता है। फ्लैश पीएमआई आम तौर पर हर महीने प्राप्त कुल पीएमआई सर्वेक्षण प्रतिक्रियाओं में से लगभग 90 प्रतिशत के आधार पर होता है और अंतिम आंकड़ों में इनका उपयोग किया जाता है।