facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

Lok Sabha Polls 2024: अलीगढ़ में गरजे पीएम मोदी, बोले- कांग्रेस की नजर देश के लोगों की संपत्ति पर

Advertisement

Lok Sabha Polls 2024: अलीगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को और हाथरस में तीसरे चरण के तहत आगामी सात मई को मतदान होगा।

Last Updated- April 22, 2024 | 4:16 PM IST
PM Modi in Aligarh
PM Modi in Aligarh

Lok Sabha Polls 2024: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर गम्भीर आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि यह पार्टी देश पर ‘माओवादी सोच’ थोपकर जनता की कमाई पर कब्जा करना चाहती है और उसके शासन में माताओं और बहनों का मंगलसूत्र तक सलामत नहीं रहेगा।

प्रधानमंत्री ‘ताला नगरी’ अलीगढ़ में भाजपा प्रत्याशी सतीश गौतम और हाथरस से पार्टी उम्मीदवार अनूप वाल्मीकि के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कांग्रेस और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ पर बेहद गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा, ”मैं देशवासियों को आगाह करना चाहता हूं कि कांग्रेस और उसके गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई और संपत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे (पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी संपत्ति है, उसकी जांच करेंगे। इतना ही नहीं, वह कहते हैं कि यह जो संपत्ति है उसको सरकार अपने कब्जे में लेकर सबको बांट देगी। यह उनका चुनाव घोषणा पत्र कह रहा है।”

मोदी ने कहा, ”आप सोचिए हमारी माताओं और बहनों के पास सोना होता है। वह स्त्री धन होता है। उसे पवित्र माना जाता है। कानून भी उसकी रक्षा करता है लेकिन अब इनकी (कांग्रेस) नजर कानून बदलकर हमारी माताओं—बहनों की संपत्ति छीनने पर है। उनके मंगलसूत्र पर इन लोगों की नजर है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, ”वह सर्वे करना चाहते हैं कि जो नौकरी पेशा कर्मचारी हैं उनकी कितनी सम्पत्ति है। यह सर्वे कराकर कांग्रेस सरकार के नाम पर आपकी संपत्ति को छीन कर बांटने की बात कर रही है। कांग्रेस यहां तक जाएगी कि अगर आपके पास दो घर हैं तो एक घर छीन लेगी। यह माओवादी सोच है, यह कम्युनिस्टों की सोच है, ऐसा ही करके कितने ही देशों को वह बर्बाद कर चुके हैं। अब यही नीति कांग्रेस पार्टी और इंडी अलायंस भारत में लागू करना चाहते हैं। ”

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ”आपकी मेहनत की कमाई, आपकी संपत्ति पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है। माताओं और बहनों का मंगलसूत्र अब सलामत नहीं रहेगा। इन परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना साम्राज्य बना लिया है। अब उनकी नजर देश के लोगों की संपत्ति पर पड़ गई है। देश की संपत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।”

मोदी ने विपक्ष पर राम मंदिर के निर्माण को 70 साल तक रोकने का भी आरोप लगाते हुए कहा, ”यह हम सबके लिए कितनी गर्व की बात है कि 500 साल के बाद भव्य राम मंदिर हम देख रहे हैं और जब राम मंदिर की बात आती है तो उनकी नींद उड़ जाती है। उनको लगता है कि यह 70 साल तक हम रोक कर बैठे थे। यह मोदी क्या आ गया कि इतने साल में ही अदालत से फैसला भी आ गया। मंदिर बन भी गया। प्राण प्रतिष्ठा भी हो गई। रोज लाखों लोग आने भी लगे। अब उनकी नींद उड़ गई है और इसीलिए वह इतने गुस्से में हैं कि उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा दिया।”

मोदी ने कहा, ”पिछली बार जब मैं अलीगढ़ आया था तब मैंने आप सबसे अनुरोध किया था कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्टरी में ताला लगा दीजिए और आपने ऐसा मजबूत ताला लगाया कि दोनों शहजादों (सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी) को आज तक इसकी चाबी नहीं मिल रही है।”

उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करते हुए कहा, ”मेरी आपसे प्रार्थना यह है कि अच्छे भविष्य की विकसित भारत की चाबी भी आप ही के पास है। देश को गरीबी से पूरी तरह मुक्त करने का समय आ गया है, अब देश को भ्रष्टाचार से पूरी तरह मुक्त करने का समय आ गया है, अब देश को परिवारवादी राजनीति से मुक्त करने का समय आ गया है।” अलीगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को और हाथरस में तीसरे चरण के तहत आगामी सात मई को मतदान होगा। मोदी ने दावा करते हुए कहा, ”पहले आए दिन देश की सीमा पर बम और गोलियां चलती थी और हमारे वीर सपूत शहीद होते थे। आज यह सब बंद हो गया। पहले आए दिन आतंकवादी बम फोड़ते थे, सीरियल धमाके होते थे। उन्होंने अयोध्या को नहीं छोड़ा, काशी को नहीं छोड़ा। हर बड़े शहर में आए दिन बम धमाका होता था। अब सीरियल बम धमकाओं पर भी पूर्ण विराम लग गया है।’’

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ”हत्या, गैंगवार, फिरौती, यह सब तो सपा सरकार का ट्रेडमार्क ही था। यही उनकी पहचान थी और उनकी राजनीति भी उसी से चलती थी। एक समय था जब हमारी बहन—बेटियां घर से बाहर निकल नहीं पाती थीं। योगी (आदित्यनाथ) की सरकार में अपराधियों की हिम्मत नहीं है कि वह नागरिकों का अमन—चैन बिगाड़े।”

प्रधानमंत्री ने अलीगढ़ के मुस्लिम मतदाताओं से मुखातिब होते हुए कहा, ”कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की और मुसलमानों के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया। जब मैं पसमांदा (पिछड़े) मुसलमानों की मुसीबत की चर्चा करता हूं तो उनके बाल खड़े हो जाते हैं क्योंकि ऊपर के लोगों ने मलाई खाई है और पसमांदा मुसलमानों को उसी हालत में जीने के लिए मजबूर कर दिया है।” उन्होंने कहा, ”तीन तलाक से पीड़ित कितनी ही बेटियों का जीवन तबाह हो गया था। अब मोदी ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर उनका जीवन भी सुरक्षित किया है।”

मोदी ने कहा, ”पहले हज कोटा कम होने की वजह से कितनी मारामारी होती थी। उसमें भी रिश्वतखोरी चलती थी और ज्यादातर रसूखदार लोग ही हज पर जाने का मौका पाते थे। मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से आग्रह किया था कि हमारे भारत के मुसलमान भाई—बहनों के लिए हज का कोटा बढ़ाएं। आज न सिर्फ भारत का हज का कोटा बढ़ा है बल्कि वीजा नियमों को भी आसान बनाया गया है।”

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नियमों में बदलाव कर अब बिना महरम के हज पर जाने की अनुमति दी है जिससे हजारों मुस्लिम बहनों का हज जाने का सपना पूरा हुआ है। मोदी ने अपनी सरकार की मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना समेत अनेक योजनाओं का जिक्र भी किया।

Advertisement
First Published - April 22, 2024 | 4:16 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement