SIP Accounts Hit All-Time High: सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) खातों की संख्या मई 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई, लेकिन नेट अकाउंट ग्रोथ लगभग शून्य रही। इससे संकेत मिलता है कि नए निवेशकों के जुड़ने के साथ-साथ SIP खातों के बंद होने की रफ्तार भी बढ़ रही है। यह जानकारी वैल्यूमेट्रिक्स की ताजा म्युचुअल फंड एवं एसआईएफ फ्लो मीटर रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मई 2026 में कुल एक्टिव SIP खातों की संख्या 1,047 लाख रही, जो अप्रैल 2026 के 1,044 लाख की तुलना में मामूली ज्यादा है। वहीं, सालाना आधार पर यह संख्या 15.5% बढ़ी है। मई 2025 में कुल SIP खातों की संख्या 906 लाख थी।
नेट SIP अकाउंट्स की ग्रोथ सुस्त बनी रही। मई 2026 में 54.2 लाख नए SIP खाते खोले गए, जबकि 51.7 लाख खाते बंद हुए या उनकी अवधि पूरी हो गई। इसके परिणामस्वरूप मई 2026 में शुद्ध नए SIP खातों की संख्या केवल 2.5 लाख रही। इससे पहले मार्च और अप्रैल 2026 में नेट SIP अकाउंट्स की ग्रोथ लगभग शून्य रही थी और दोनों महीनों में 0.6 लाख की शुद्ध कमी दर्ज की गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पहले नेट SIP एडिशन काफी ज्यादा थे। यह आंकड़ा जुलाई 2024 में 35.3 लाख और जनवरी 2026 में 18.7 लाख तक पहुंच गया था। इसके मुकाबले हाल के महीनों में यह रुझान स्पष्ट रूप से कमजोर पड़ा है।
हालांकि, नए SIP रजिस्ट्रेशन कुल एक्टिव खातों के 5.2 फीसदी के स्वस्थ स्तर पर बने रहे, लेकिन 5.0 फीसदी खातों के बंद होने या उनकी अवधि पूरी होने की दर लगभग इसके बराबर रही। इससे यह सवाल उठने लगा है कि नए निवेशक SIP में कितने समय तक टिके रह पा रहे हैं।
Also Read: सोना-चांदी पर Tata MF बुलिश, गिनाए तेजी के बड़े कारण; गिरावट में खरीदारी की दी सलाह
नेट SIP एडिशन में सुस्ती के बावजूद, SIP निवेश मजबूत बना रहा। मई 2026 में मासिक SIP योगदान 30,954 करोड़ रुपये रहा, जो अप्रैल 2026 के 31,115 करोड़ रुपये की तुलना में 0.5 फीसदी कम था, लेकिन मई 2025 के 26,688 करोड़ रुपये के मुकाबले 16 फीसदी ज्यादा रहा। इसके साथ ही SIP योगदान लगातार तीसरे महीने 30,000 करोड़ रुपये के स्तर से ऊपर बना रहा।
वहीं, SIP के तहत एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) मई 2026 में बढ़कर 17.12 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गईं। यह अप्रैल 2026 के 16.86 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 1.5 फीसदी ज्यादा और मई 2025 के 14.61 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले 17.1 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है।
वैल्यूमेट्रिक्स के अनुसार, लंबी अवधि के नजरिए से SIP की कहानी अब भी मजबूत बनी हुई है। पिछले एक दशक में मासिक SIP निवेश लगभग 10 गुना बढ़ गया है। यह मई 2016 के 3,189 करोड़ रुपये से बढ़कर मई 2026 में 30,954 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह वृद्धि नोटबंदी, कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और ग्लोबल टैरिफ से जुड़ी चुनौतियों जैसे बड़े व्यवधानों के बावजूद दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि SIP में निवेश मजबूत बना हुआ है, लेकिन शुद्ध SIP खातों की वृद्धि का लगभग शून्य स्तर पर पहुंचना ऐसा रुझान है, जिस पर म्युचुअल फंड उद्योग को करीबी नजर रखने की जरूरत है।