Upcoming NFO: म्युचुअल फंड निवेशकों के लिए अगले सप्ताह में निवेश के दो नए अवसर हैं। 8 जून से शुरू हो रहे सप्ताह में दो न्यू फंड ऑफर (NFO) बाजार में लॉन्च होने जा रहे हैं। इनमें से एक हाइब्रिड फंड और एक एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) है। पहले NFO का नाम व्हाइटओक कैपिटल एग्रेसिव हाइब्रिड फंड (WhiteOak Capital Aggressive Hybrid Fund) है। दूसरा न्यू फंड ऑफर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लेकर आ रहा है जिसका नाम आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल निफ्टी स्मॉलकैप 250 ईटीएफ (ICICI Prudential Nifty Smallcap 250 ETF) है। निवेशक 8 जून से लेकर 22 जून तक इन न्यू फंड ऑफर में निवेश कर सकते हैं। आइए, इन NFOs पर एक नजर डालते हैं।
व्हाइटओक कैपिटल एग्रेसिव हाइब्रिड फंड एक ओपन एंडेड इक्विटी स्कीम है। यह न्यू फंड ऑफर 8 जून 2026 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 22 जून 2026 को बंद होगा। NFO पीरियड के दौरान इस फंड में निवेशक मिनिमम ₹500 से निवेश शुरू कर सकते हैं। इस स्कीम में कोई लॉक इन पीरियड नहीं है। इसके साथ ही इस स्कीम में एग्जिट लोड भी जीरो है यानी आप जब चाहें तब पैसा निकाल सकते हैं।
रमेश मंत्री, पीयूष बरनवाल, आशीष अग्रवाल, धीरेश पाठक और तृप्ति अग्रवाल इस स्कीम के फंड मैनेजर्स हैं। इस फंड का बेंचमार्क CRISIL Hybrid 35+65 Aggressive Indexहै। रिस्कोमीटर पर इस स्कीम को बहुत ज्यादा जोखिम (very high risk) की कैटेगरी में रखा गया है।
इस स्कीम का मकसद लॉन्ग निवेशकों की दौलत में इजाफा करना है। इसके लिए यह मुख्य रूप से इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करेगी। साथ ही, पोर्टफोलियो में स्थिरता बनाए रखने के लिए डेट इंस्ट्रूमेंट में भी निवेश किया जाएगा।
Also Read: FPIs बेच रहे हैं शेयर, खरीद रहे हैं बॉन्ड; भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए क्या हैं इसके मायने?
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल निफ्टी स्मॉलकैप 250 एक ओपन-एंडेड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) है, जो मुख्य रूप से स्मॉलकैप शेयरों में निवेश करेगा। यह न्यू फंड ऑफर 9 जून 2026 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 16 जून 2026 को बंद होगा। NFO पीरियड के दौरान इस फंड में निवेशक मिनिमम ₹1000 से निवेश शुरू कर सकते हैं। इस स्कीम में कोई लॉक इन पीरियड नहीं है। इसके साथ ही इस स्कीम में एग्जिट लोड भी जीरो है यानी आप जब चाहें तब पैसा निकाल सकते हैं।
अश्विनी जेमिन भरूचा, निशित पटेल और वीनस आहूजा इस स्कीम के फंड मैनेजर्स हैं। इस फंड का बेंचमार्क NIFTY Smallcap 250 TRI है। रिस्कोमीटर पर इस स्कीम को बहुत ज्यादा जोखिम (very high risk) की कैटेगरी में रखा गया है।
(डिस्क्लेमर: यहां न्यू फंड ऑफर की डीटेल दी गई है। ये निवेश की सलाह नहीं है। म्युचुअल फंड में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)