डीमार्ट का संचालन करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट का शेयर सोमवार को बड़ी गिरावट का शिकार हुआ। मंगलवार को भी यह शेयर बीएसई पर 0.35 फीसदी कमजोर होकर 4,359 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि बुधवार को कंपनी के शेयरों में 1.31 फीसदी का इजाफा हुआ। कंपनी ने शनिवार को वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के आंकड़े जारी किए। चौथी तिमाही में कंपनी ने सालाना आधार पर लगभग 656.59 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो एक साल पहले के लगभग 550.9 करोड़ रुपये की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का राजस्व लगभग 17,683.86 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के लगभग 14,871.86 करोड़ रुपये के मुकाबले 19 प्रतिशत अधिक है।
एमके ने डीमार्ट पर ‘बेचें’ रेटिंग बरकरार रखी है और कीमत लक्ष्य में कोई बदलाव नहीं किया है। उसने इसकी ये वजहें बताई हैं – कुल आपूर्ति योग्य बाजार का धीमा विस्तार, क्विक कॉमर्स के मुकाबले वैल्यू/असॉर्टमेंट के मामले में डीमार्ट की खास पहचान का कमजोर पड़ना, निवेशित पूंजी पर रिटर्न (आरओआईसी) में गिरावट और 80 गुना के एक साल के पीई पर महंगा मूल्यांकन। ब्रोकरेज ने कहा कि चौथी तिमाही अच्छी और उम्मीद के मुताबिक रही। इसमें एबिटा और कर पूर्व लाभ में 23-25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिसे ‘लाइक-फॉर-लाइक’ (एलएफएल) वृद्धि में सुधार से मदद मिली।
हालांकि डीमार्ट ने एलएफएल में हुई बढ़ोतरी का श्रेय मार्च 2026 में भू-राजनीतिक तनाव के बीच ग्राहकों की खरीदारी में आई तेजी को दिया, जो चौथी तिमाही के आखिर तक सामान्य हो गई। यह औसत बास्केट वैल्यू में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी में भी दिखाई दी। एमके ने 3,700 रुपये के कीमत लक्ष्य के साथ ‘बेचें’ रेटिंग दी है। स्टोर खोलने की रफ्तार तेज होने रहने से विश्लेषकों को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 में राजस्व वृद्धि बढ़कर 19 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी। लेकिन सहायक लागत ज्यादा रहने के कारण शुद्ध लाभ में वृद्धि 16 प्रतिशत तक सीमित रहने की संभावना है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल सर्विसेज ने 5,200 रुपये के कीमत लक्ष्य के साथ ‘खरीदें’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने कहा कि स्टोर जोड़ने की प्रक्रिया में लगातार तेजी डीमार्ट की वृद्धि का मुख्य जरिया रहेगी। लेकिन, क्विक कॉमर्स से कड़ी प्रतिस्पर्धा अल्पावधि से मध्यावधि में बनी रह सकती है, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि डीमार्ट का वैल्यू-फोकस्ड मॉडल और बेहतर स्टोर परिचालन दक्षता उसे लंबे समय तक, खासकर टियर-2 और छोटे शहरों में, प्रतिस्पर्धी और प्रासंगिक बनाए रखने में मदद करेगी। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 से वित्त वर्ष 2028 के एबिटा अनुमानों में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन इस अवधि के लिए कर बाद लाभ के अनुमान में 3-7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
दूसरी ओर, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने कंपनी को ‘होल्ड’ रेटिंग दी है और कीमत लक्ष्य 4,350 रुपये रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने चौथी तिमाही में राजस्व में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की और वित्त वर्ष 2026 में 500 स्टोर का आंकड़ा पार कर लिया, जो पूंजीगत खर्च के मोर्चे पर लगातार हो रहे काम का संकेत है।
हालांकि परिचालन मुनाफा मार्जिन सालाना आधार पर 37 आधार अंक बढ़कर 7.2 प्रतिशत हो गया, लेकिन आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के आंकड़े बताते हैं कि डीमार्ट और ज्यादा मजबूत वृद्धि के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।