ईलॉन मस्क द्वारा प्रवर्तित स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज (स्पेसएक्स) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) अब तक का सबसे असाधारण आईपीओ हो सकता है। सिक्योरिटीज ऐंड एक्सचेंज कमीशन में पिछले हफ्ते दाखिल दस्तावेज से तो ऐसा ही लगता है। स्पेसएक्स 1.75 से 2 लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन पर करीब 7,500 करोड़ डॉलर जुटाने की कोशिश कर रही है।
यह अमेरिकी इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी आरंभिक सूचीबद्धता होगी। स्पेसएक्स एसऐंडपी 500 में सातवीं सबसे मूल्यवान कंपनी बनकर सूचीबद्ध होगी। अगर आईपीओ ने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया तो मस्क की निजी संपत्ति 1 लाख करोड़ डॉलर से भी अधिक हो जाएगी। इसके प्रॉस्पेक्टस का बड़ा हिस्सा विज्ञान कथा जैसी थीम्स का संकलन प्रतीत होता है। मिशन स्टेटमेंट कहता है ‘चेतना के प्रकाशन को तारों तक ले जाना।’
यह वाक्य बार-बार आता है। प्रॉस्पेक्टस में क्षुद्र ग्रहों पर खनन, अंतरिक्ष में विनिर्माण, चंद्रमा और मंगल पर ऊर्जा उत्पादन, वहां माल और यात्रियों को पहुंचाने और मंगल पर 10 लाख की आबादी वाला उपनिवेश बसाने जैसी बातें शामिल हैं।
इन योजनाओं को साकार करने के लिए जरूरी है कि विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी तादाद में विज्ञान और तकनीक आधारित कामयाबियां आएं। इसके अलावा स्पेसएक्स के पास ग्रोक का मालिकाना हक भी है। ग्रोक वह आर्टिफिशल इंटेलिजेंस उपकरण है जो एक्स के चैटबॉट का संचालन करता है। एक्स भी स्पेसएक्स का ही है। यह सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक का संचालन भी करती है। स्टारलिंक उसकी संचार शाखा के मूल में है। कंपनी के अलग-अलग अंग हैं।
स्पेस, जो उपरोक्त भविष्योन्मुखी योजनाएं पूरी करने की कोशिश करेगी, उसके पास दो तरफ से राजस्व आता है। उसने नैशनल एरोनॉटिक्स ऐंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन यानी नासा के साथ समझौता किया है ताकि उसके बार-बार इस्तेमाल होने वाले यान पर माल और अंतरिक्ष यात्रियों को लाया-भेजा जा सके। यह विभिन्न ग्राहकों के लिए उपग्रह भी भेजता है।
इसकी एआई शाखा (जो पहले एक्सएआई नाम की अलग कंपनी थी) को भी 2026 में बड़े पैमाने पर राजस्व अर्जित करने की उम्मीद है। बैलेंस शीट में 102 अरब डॉलर की परिसंपत्तियां दिखाई गई हैं और 60.5 अरब डॉलर का कर्ज है। कंपनी के 24 साल के इतिहास में स्पेसएक्स ने 37 अरब डॉलर से अधिक का घाटा हुआ है।
पिछले वर्ष स्पेसएक्स ने 18.6 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया, लेकिन उसे 4.9 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ जबकि स्टारलिंक ने 4.3 अरब डॉलर का परिचालन लाभ कमाया। 2026 की पहली तिमाही में स्पेसएक्स ने विभिन्न भागों से कुल 4.7 अरब डॉलर की बिक्री दर्ज की, लेकिन शुद्ध घाटा 4.3 अरब डॉलर रहा। अंतरिक्ष शाखा ने 61.9 करोड़ डॉलर कमाए मगर 66.2 करोड़ डॉलर का नुकसान किया, जबकि शोध एवं विकास पर 93 करोड़ डॉलर खर्च किए गए।
स्पेसएक्स ने संभावित कानूनी देनदारियों के लिए 50 करोड़ डॉलर से अधिक का प्रावधान रखा है क्योंकि उसके मुकदमों की सूची बहुत लंबी है। कई मुकदमे उन व्यक्तियों द्वारा शुरू किए गए थे जिनकी तस्वीरों को ‘डीपफेक’ कर ग्रोक के माध्यम से अश्लील सामग्री बनाई गई थी। स्पेसएक्स पेटेंट उल्लंघन, कॉपीराइट उल्लंघन और डेटा लीक के दावों का भी सामना कर रहा है।
साथ ही उसके खिलाफ यूरोपीय संघ द्वारा कंटेंट मॉडरेशन मानकों के कथित उल्लंघन की जांच भी चल रही हैं। उसकी वित्तीय हालत बहुत अच्छी नहीं है। क्षुद्र ग्रह खनन और मंगल पर कॉलोनियां मुमकिन हो भी पाईं तो दशकों या सदियों बाद हो पाएंगी। वांछित मूल्यांकन और वास्तविक राजस्व के बीच का अंतर स्पष्ट है।
आईपीओ स्पेसएक्स को अमेरिका की सातवीं सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बना देगा मगर 18 अरब डॉलर के राजस्व के साथ यह शीर्ष 200 से बाहर है। लेकिन स्टारलिंक और स्पेसएक्स रॉकेट बाजार में अग्रणी हैं और बहुत तेजी से वृद्धि कर रही हैं। मस्क की तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र में गहरी पैठ और राजनीतिक ताकतों से उनकी निकटता को देखते हुए वे जल्द ही दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति हो सकते हैं जिनके पास लाख करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति हो।