एमेजॉन ने कहा कि वह अपनी अल्ट्रा-फास्ट डिलिवरी सेवा एमेजॉन नाउ का विस्तार देश के 100 शहरों में करेगी। कंपनी रैपिड-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स और संबंधित इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश भी बढ़ा रही है। कंपनी 1,000 से ज्यादा लघु आपूर्ति केंद्रों के जरिये अपनी सेवा के विस्तार की योजना बना रही है, जिससे उसकी पहुंच छोटे शहरों तक भी हो जाएगी। कुछ ही मिनटों में डिलिवरी की सुविधा देने वाली एमेजॉन नाउ को मुंबई, दिल्ली-एनसीआर और बेंगलूरु में चल रहे मौजूदा परिचालन के अलावा पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे बाजारों में भी शुरू किया जाएगा।
यह सेवा रोजमर्रा की जरूरी चीजें उपलब्ध कराती है, जिनमें किराने का सामान, पर्सनल-केयर के सामान, ब्यूटी और फैशन से जुड़े उत्पाद, छोटे उपकरण, बच्चों के सामान, पालतू जानवरों के उत्पाद और हेल्थकेयर सप्लीमेंट्स शामिल हैं।
एमेजॉन इंडिया में ऐवरीडे एसेंशियल्स के उपाध्यक्ष हर्ष गोयल ने कहा, ‘ग्राहक एमेजॉन नाउ का आनंद ले रहे हैं। हमारी डिलिवरी की रफ्तार, कीमत और वैरायटी, खासकर किसानों से सीधे मंगाई गई ताजा चीजों की गुणवत्ता की सराहना कर रहे हैं। इस सफलता से उत्साहित होकर, हमने अपनी विस्तार योजनाओं को और तेज कर दिया है। हम एमेजॉन नाउ को 1,000 से ज्यादा लघु आपूर्ति केंद्रों के नेटवर्क की मदद से 100 शहरों तक पहुंचाएंगे।’
गोयल ने कहा कि इस विस्तार से 16,000 से ज्यादा किसानों को ई-कॉमर्स कंपनी की टेक्नॉलजी और परिचालन का इस्तेमाल करके एमेजॉन नाउ पर मौजूद विक्रेताओं के जरिये अपना माल सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
एमेजॉन नाउ का तेजी से विस्तार एमेजॉन के 2,800 करोड़ रुपये (30 करोड़ डॉलर) से अधिक के निवेश का एक हिस्सा है।