Apple Inc. में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के सीईओ Tim Cook इस साल अपने पद से हटेंगे और उनकी जगह हार्डवेयर प्रमुख John Ternus 1 सितंबर से नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, Tim Cook अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने करीब 15 साल तक कंपनी का नेतृत्व किया और इस दौरान एप्पल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
50 वर्षीय जॉन टर्नस लंबे समय से एप्पल के साथ जुड़े हैं। वह 2021 से हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम का नेतृत्व कर रहे हैं और करीब 25 साल से कंपनी के प्रोडक्ट डेवलपमेंट में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इसी के साथ संगठन में कुछ और बदलाव भी किए जा रहे हैं। टर्नस की मौजूदा जिम्मेदारी अब उनके सहयोगी Tom Marieb संभालेंगे। वहीं Johny Srouji को चीफ हार्डवेयर ऑफिसर बनाया गया है, जिनके पास हार्डवेयर इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़ी टीमों की जिम्मेदारी होगी।
नई भूमिका में जॉन टर्नस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कंपनी की आगे की दिशा तय करना होगी। एप्पल का कारोबार मजबूत बना हुआ है, लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में कंपनी को अभी और तेजी दिखानी होगी, जहां प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।
मौजूदा सीईओ टिम कुक अब नई भूमिका में दुनिया भर के नीति निर्माताओं से संवाद करते नजर आएंगे। कंपनी के मुताबिक, वह एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर सरकारों और वैश्विक स्तर के फैसलों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस बीच लंबे समय से चेयरमैन रहे आर्ट लेविन्सन को लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनाया जाएगा।
टिम कुक करीब 15 साल तक सीईओ पद संभालने के बाद यह बदलाव देख रहे हैं। उनके कार्यकाल में एप्पल ने मैक और आईफोन की सफलता को आगे बढ़ाते हुए हेल्थ सर्विसेज, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स जैसे नए सेगमेंट में भी विस्तार किया। कंपनी की सालाना बिक्री बढ़कर करीब 416 अरब डॉलर तक पहुंच गई और आज एप्पल के पास 2.5 अरब से ज्यादा एक्टिव डिवाइस का बड़ा यूजर बेस है।
कुक के दौर में कंपनी ने बड़े स्क्रीन वाले आईफोन, नए आईपैड मॉडल और एप्पल म्यूजिक व एप्पल टीवी जैसी सेवाएं शुरू कीं। हालांकि कुछ प्रोजेक्ट उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। विजन प्रो हेडसेट और सेल्फ ड्राइविंग कार बनाने की कोशिश लंबे समय तक चलने के बाद भी सफल नहीं हो सकी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के मामले में भी एप्पल पीछे नजर आई। जहां दूसरी कंपनियों ने तेजी से नए एआई प्रोडक्ट लॉन्च किए, वहीं एप्पल इस रेस में अपेक्षाकृत धीमी रही। अब कुक की नई भूमिका के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी आगे किस दिशा में कदम बढ़ाती है।
कंपनी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम को हाल ही में एक नए AI प्लेटफॉर्म के साथ फिर से संगठित किया गया है, ताकि प्रोडक्ट डेवलपमेंट तेज हो और डिवाइस की क्वालिटी बेहतर बनाई जा सके।
कंपनी में नए नेतृत्व की भूमिका निभा रहे टर्नस इस बदलाव के केंद्र में हैं। उनके नेतृत्व में एप्पल कई नए AI आधारित डिवाइस पर काम कर रहा है। इनमें नए एयरपॉड्स, स्मार्ट ग्लासेस और कैमरे वाला एक खास पेंडेंट शामिल है। इसके अलावा स्मार्ट होम से जुड़े प्रोडक्ट्स पर भी तेजी से काम चल रहा है, जैसे फेस रिकग्निशन वाला डिस्प्ले, टेबलटॉप रोबोट और सिक्योरिटी कैमरा।
टर्नस ने अपनी टीम को भेजे संदेश में कहा, “मैं सोमवार से अपनी मौजूदा भूमिका से हट रहा हूं, लेकिन नई जिम्मेदारी में भी आप सभी के साथ करीब से काम करता रहूंगा। मैं पहले की तरह पूरी तरह सक्रिय रहूंगा।”
कंपनी के सीईओ टिम कुक पिछले कुछ महीनों से टर्नस को बड़ी जिम्मेदारियों के लिए तैयार कर रहे थे। उन्होंने पिछले साल के अंत में उन्हें सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर डिजाइन टीमों की कमान सौंप दी थी।
इस बीच, टिम कुक के सीईओ पद छोड़ने के फैसले से कंपनी में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल रहे हैं। कई वरिष्ठ अधिकारी भी हाल के महीनों में अपने पद से हट चुके हैं।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कुक ने कहा, “हमारे पास भविष्य के लिए मजबूत योजना है और मैं एप्पल के आने वाले समय को लेकर पहले से ज्यादा आश्वस्त हूं। यही वजह है कि मैंने अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका में जाने का फैसला किया है।”
उन्होंने बताया कि इस बदलाव से जुड़ी और जानकारी जल्द साझा की जाएगी।