एशियन पेंट्स का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 69.3 प्रतिशत बढ़कर 1,172.1 करोड़ रुपये हो गया। इस बढ़ोतरी की वजह पिछले वर्ष की इसी तिमाही में 183 करोड़ रुपये की असाधारण राशि शामिल होना थी। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि डेकोरेटिव के कारोबार (भारत) में तिमाही के दौरान 12.4 प्रतिशत की जोरदार बिक्री वृद्धि और 10.2 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि दर्ज की गई।
देश की सबसे बड़े पेंट विनिर्माता ने पिछले वर्ष की तुलना में 10.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 9,246.7 करोड़ रुपये की शुद्ध बिक्री दर्ज की। श्रीलंका, मिस्र और यूएई की इकाइयों के बल पर अंतरराष्ट्रीय बिक्री 11 प्रतिशत तक बढ़कर 888.1 करोड़ रुपये हो गई। ब्याज, मूल्यह्रास और कर से पहले का लाभ 44.1 प्रतिशत बढ़कर 1,983.2 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने कहा कि उसके औद्योगिक कोटिंग्स कारोबार में जोरदार वृद्धि ने समूचे कोटिंग्स कारोबार को बढ़ावा दिया। इससे बिक्री में 12.7 प्रतिशत तक और मूल्य वृद्धि में 11 फीसदी का इजाफा हुआ।
एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सिंगले ने आय परिणामों की विज्ञप्ति में कहा, ‘वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही का प्रदर्शन हर लिहाज से बेहतर रहा। इस दौरान दो अंकों में बिक्री और मूल्य वृद्धि तथा मार्जिन विस्तार देखा गया।’
उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय पोर्टफोलियो चुनिंदा बाजारों में अस्थिरता के बावजूद बेहतर लाभ के साथ लगातार जोरदार वृद्धि दर्ज करता रहा। हालांकि होम डेकोर कारोबार धीमा रहा, लेकिन देश भर के 20 राज्यों में फैले हमारे ब्यूटीफुल होम्स स्टोर नेटवर्क के जरिये मांग जारी रही।’
उन्होंने बताया कि समूचे कारोबारी स्तर पर लागत अनुशासन के जरिये मार्जिन में सुधार हुआ। इसे सामग्री की कीमतों में कमी और परिचालन दक्षता से मदद मिली, हालांकि पेंट क्षेत्र की दिग्गज ने दीर्घकालिक विकास चालकों में निवेश जारी रखा।