सीएट मिशेलिन के स्वामित्व वाले कैमसो प्लेटफॉर्म के अधिग्रहण को ऑफ-हाईवे टायर (ओएचटी) के अपने वैश्विक विस्तार के अगले चरण के लिए तैयार कर रही है। कंपनी भविष्य में वृद्धि को रफ्तार देने के लिए ट्रैकों और उत्तर अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित बाजारों पर दांव लगा रही है।
आरपीजी समूह की कंपनी ने कहा कि ओएचटी श्रेणी की अब उसके राजस्व में लगभग 20 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। अधिग्रहण से पहले यह हिस्सेदारी 12 से 14 प्रतिशत थी। उम्मीद है कि यह श्रेणी इस कारोबार का बड़ा हिस्सा बन जाएगी। इसकी वजह यह है कि अगले दो वर्षों के दौरान इस श्रेणी की अतिरिक्त कैमसो प्रोडक्ट श्रेणियों और ब्रांड अधिकारों तक पहुंच हो जाएगी।
सीएट स्पेशियलिटी के मुख्य कार्य अधिकारी अमित तोलानी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘हमें उम्मीद है कि यह श्रेणी बढ़ेगी तथा अधिक से अधिक प्रभावी बनेगी।’ उन्होंने कहा, ‘एक ब्रांड के रूप में कैमसो से हमें उन श्रेणियों तक पहुंच मिलेगी जिन तक पहले हमारी पहुंच नहीं थी।’
सीएट के ओएचटी कारोबार के भीतर वर्तमान में कैमसो की राजस्व हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। इससे कंपनी के स्पेशियलिटी टायर पोर्टफोलियो में अधिग्रहित ब्रांड की बढ़ती अहमियत का पता चलता है।
सीएट ने पिछले साल मिशेलिन से कैमसो के छोटे निर्माण ट्रैक और टायर कारोबार का अधिग्रहण किया था। हालांकि वर्तमान में इस ब्रांड के तहत कंपनी की केवल चुनिंदा श्रेणियों तक ही पहुंच है। तोलानी ने कहा कि सीएट को साल 2028 से कैमसो के पूरे पोर्टफोलियो तक पहुंच मिलेगी। इसमें कृषि ट्रैक, हार्वेस्टर ट्रैक, पावर-स्पोर्ट्स ट्रैक और सामग्री-प्रबंधन उपकरण वाली श्रेणियां शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘साल 2028 के आसपास खास मोड़ आएगा, जब हम ब्रांड तक पहुंच प्राप्त करेंगे तथा अधिक से अधिक श्रेणियों को पेश करेंगे।’
उम्मीद है कि ट्रैक प्राथमिक विकास संचालक होंगे। तोलानी ने कहा कि कृषि, सामग्री-प्रबंधन और कॉम्पैक्ट निर्माण खंड भविष्य के विस्तार में अहम योगदान देंगे। इसमें अगले पांच वर्षों में ट्रैक प्रमुख क्षेत्र बने रहेंगे।