मार्च में अपने शिखर पर पहुंचने के बाद देश के इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में अप्रैल के दौरान पंजीकरण में लगभग 22 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। वाहन के आंकड़ों के अनुसार अधिकांश प्रमुख विनिर्माताओं ने गिरावट दर्ज की, जबकि ओला इलेक्ट्रिक ने अप्रैल 2026 में पिछले महीने के मुकाबले बढ़ोतरी दर्ज की। इससे पंजीकरण की संख्या मार्च में दर्ज 10,133 वाहनों की तुलना में बढ़कर 12,166 वाहनों तक पहुंच गई। यह इजाफा मार्च में आए सुधार के साथ मासिक आधारपर 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
कंपनी का प्रदर्शन ऐसे महीने खास रहा, जब व्यापक इलेक्ट्रिक दोपहिया उद्योग में पिछले महीने के मुकाबले 22 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। ओला इलेक्ट्रिक अप्रैल में मासिक आधार पर बढ़ने वाला एकमात्र प्रमुख ईवी दोपहिया ब्रांड था। कंपनी ने कहा कि यह ग्राहकों के बढ़ते विश्वास, स्थिर संचालन और इसके बढ़ते ईवी पोर्टफोलियो की निरंतर मांग को दर्शाता है।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘ओला इलेक्ट्रिक के मामले में मार्च ने सुधार का संकेत दिया था। अप्रैल ने उस रफ्तार को बरकरार रखा है। बाजार में तेज गिरावट के बावजूद पंजीकरण में पिछले महीने की तुलना में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इससे ओला अप्रैल में बढ़ने वाला एकमात्र प्रमुख ईवी दोपहिया ब्रांड बन गया।’