ईवाई की वैश्विक डिलिवरी सेवा (जीडीएस) इकाई ने ईवाई डॉट एआई सेंटर फॉर रीइमैजिनेशन (सीएफआर) की शुरुआत की है। यह कर, ऑडिट और परामर्श क्षेत्र की कंपनी का अपनी तरह का पहला प्रमुख इमर्सिव ग्राहक अनुभव केंद्र है। इसका उद्देश्य कंपनियों को एआई और डिजिटल परिवर्तन की दिशा में बढ़ने में ग्राहकों की मदद करना है।
बेंगलूरु का यह केंद्र संगठनों को इस बात का अनुभव कराने में मदद करेगा कि उभरती हुई नई तकनीक और उद्योग में बदलाव किस तरह उद्योगों, श्रमबल और कारोबारी फैसलों को नया आकार देगा। यह केंद्र एआई में कंपनी के 1.4 अरब डॉलर की निवेश योजना का हिस्सा है। इसे एकीकृत माहौल में रणनीति, क्षेत्र की समझ, इंजीनियरिंग और काम पूरा करने की प्रक्रिया को आपस में जोड़ने के लिए डिजाइन किया गया है।
ईवाई जीडीएस के ग्लोबल वाइस चेयरमैन अजय आनंद ने कहा, ‘यह केंद्र एआई फैक्टरी का हिस्सा है। एआई फैक्टरी वास्तव में विभिन्न उपयोगों के लिए हर तरह के एजेंट तैयार कर रही है। ईवाई डॉट एआई सेंटर फॉर रीइमेजिनेशन उस अंतर को पाटने के लिए बनाया गया है, जो अधिकारियों को अपने इरादे को अंजाम दने की ओर बढ़ने में मदद करता है और एआई की महत्वाकांक्षा को असली कारोबारी प्रभाव में बदलता है।’
अपने तकनीकी ताकत की मजबूती के लिए कंपनी ने कैलिफोर्निया के पालो ऑल्टो के साथ-साथ भारत में भी एक एआई फैक्टरी या उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया है। ईवाई जीडीएस ईवाई का वह स्तंभ है, जो पूरे संगठन में तकनीक और संचालन की सेवाएं देता है। विश्व स्तर पर इसके 90,000 कर्मचारियों में से लगभग 75,000 भारत में हैं। जीडीएस अर्जेंटीना, मेक्सिको, पोलैंड और फिलीपींस सहित आठ अन्य देशों में भी है। इसी तरह विश्व स्तर पर 30,000 इंजीनियरों में से लगभग 27,000 भारत में हैं।