भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने अस्वास्थ्य संबंधी आरोपों को लेकर नेस्ले इंडिया, केएफसी इंडिया और फ्लिपकार्ट को नोटिस भेजे हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। एक सूत्र के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए खाद्य नियामक ने इन तीनों कंपनियों को अलग-अलग नोटिस भेजे हैं।
एफएसएसएआई का यह कदम मैगी नूडल्स के एक पैकेट के कथित तौर पर दूषित होने की सोशल मीडिया पर आई शिकायतों के बाद उठाया गया है। इसके अलावा, फ्लिपकार्ट मिनट्स के जरिये डिलिवर किए गए एक उत्पाद में कीड़े मिलने और आंध्र प्रदेश में केएफसी के आउटलेट पर साफ-सफाई न होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
लेकिन नेस्ले इंडिया ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और एक बयान में कहा, ‘हम मैगी नूडल्स में कीड़े होने के बारे में मीडिया में चल रही उन खबरों को पूरी तरह से खारिज करते हैं जो बिना पुष्टि वाली जानकारी पर आधारित हैं। हमें शिकायत करने वाले से अभी तक शिकायती सैंपल नहीं मिला है क्योंकि उनके अकाउंट से संपर्क नहीं हो पा रहा है। सभी जरूरी तथ्यों, बैच और मार्केट सैंपल के क्वालिटी रिकॉर्ड और टेस्ट रिपोर्ट के साथ विस्तृत जानकारी सक्षम अधिकारियों को पहले ही सौंपी जा चुकी है।’
इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स ने संबंधित वेंडर से बात कर ली है और समस्या के मूल का पता लगाया है। कुछ दिन पहले मिले एफएसएसएआई के नोटिस के जवाब में भी यही जानकारी दी गई है।’ केएफसी इंडिया ने अभी तक इस संबंध में बिजनेस स्टैंडर्ड के ईमेल का जवाब नहीं दिया है।