इंडक्शन कुकटॉप की मांग बढ़ने के बाद ऑफलाइन और ऑनलाइन खुदरा विक्रेता इलेक्ट्रिक कुकर, केटल और एयर फ्रायर जैसे उत्पादों की बिक्री में बढ़ोतरी देख रहे हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) और तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की आपूर्ति में संभावित रुकावट के संबंध में चिंता बढ़ रही है।
खुदरा विक्रेताओं का कहना है कि मांग में अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने उद्योग को हैरत में डाल दिया है और यह डर बढ़ गया है कि अगर यह चलन जारी रहा तो स्टोरों में जल्द ही स्टॉक खत्म हो सकता है।
क्रोमा स्टोरों का संचालन करने वाली इनफिनिटी रिटेल के प्रबंध निदेशक मुख्य कार्य अधिकारी शिवाशीष रॉय ने कहा कि खरीदारी में यह बढ़ोतरी तेज और खासी ज्यादा रही है। रॉय ने कहा, ‘इंडक्शन कुकटॉप के साथ-साथ हम इलेक्ट्रिक केटल की मांग में भी बढ़ोतरी देख रहे हैं, जिसकी बिक्री सामान्य दर के मुकाबले लगभग दोगुनी हो चुकी है।’
रॉय ने कहा, ‘क्रोमा में हमने पिछले कुछ दिनों के दौरान इंडक्शन कुकटॉप की मांग में तेजी से और तुरंत ही बढ़ोतरी देखी है। हमारी दैनिक औसत दर सामान्य स्तर की तुलना में लगभग तीन गुना बढ़ चुकी है।’ उन्होंने कहा, ‘दिलचस्प बात यह है कि हम ग्राहकों को एक बार में ही कई इकाई खरीदते हुए भी देख रहे हैं, जो पहले सामान्य बात नहीं थी, जो कुछ सतर्कतापूर्ण खरीदारी किए जाने का संकेत है।’
फ्लिपकार्ट में भी यही रुझान है, जहां हाल के दिनों में बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी केवल इंडक्शन कुकटॉप तक ही सीमित नहीं है। फ्लिपकार्ट ने कहा कि इलेक्ट्रिक कुकर, केटल और एयर फ्रायर की मांग भी तेजी से बढ़ी है, जिससे पता चलता है कि परिवार तेजी से इलेक्ट्रिक कुकिंग के विकल्प ढूंढ रहे हैं।
फ्लिपकार्ट प्रवक्ता ने कहा, ‘मौजूदा वैश्विक हालात ने इंडक्शन कुकटॉप को कई परिवारों के लिए ‘किचन को आधुनिक’ बनाने के बजाय ‘जीवन की आवश्यकता’ में तब्दील कर दिया है।’ उन्होंने कहा, ‘हम एलपीजी की बढ़ती लागत और आपूर्ति की कमी के कारण इंडक्शन की बिक्री में भारी वृद्धि देख रहे हैं।’ कंपनी के अनुसार पिछले तीन से चार सप्ताह की तुलना में पिछले चार से पांच दिनों में बिक्री चार गुना बढ़ गई है। कुछ क्षेत्रों में विशेष रूप से मजबूत मांग देखी जा रही है।
टीटीके प्रेस्टीज के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्य अधिकारी वेंकटेश विजयराघवन के अनुसार मांग में पहले ही तेज उछाल आ चुकी है। उन्होंने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘हालांकि मांग सामान्य स्तर की तुलना में पांच गुना बढ़ गई है। लेकिन हम वर्तमान में सामान्य मांग की तुलना में लगभग 3 से 3.5 गुना तक की ही आपूर्ति कर पा रहे हैं। हम उत्पादन बढ़ा रहे हैं। हमारी इकाइयां तीन पालियों में काम कर रही हैं।’
उन्होंने कहा कि हालांकि मांग फिलहाल सामान्य से लगभग पांच गुना अधिक है, लेकिन संभावना है कि आने वाले दिनों में यह सामान्य स्तरों के लगभग तीन गुना पर स्थिर हो जाएगी।
मांग में यह तेजी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी इसी तरह दिखाई दे रही है। लोग खाना पकाने वाली गैस का विकल्प तलाश रहे हैं और आपूर्ति की संभावित रुकावट के लिए तैयारी कर रहे हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्मों ने पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की सर्च और खरीद में तेजी से उछाल दर्ज की है।