आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को उद्योगों को राज्य के उभरते एरोस्पेस क्षेत्र में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने लोगों से ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का समर्थन करने और इसे ‘राष्ट्रीय मिशन’ के रूप में अपनाने का आग्रह किया और गिरती प्रजनन दर को रोकने के लिए जोड़ों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपनी सरकार की योजनाओं का विवरण दिया।
भारतीय उद्योग परिसंघ के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति देश को आत्मनिर्भरता और संसाधन संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करने की याद दिलाती है। अविभाजित आंध्र के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने 1998 और 1999 के बीच बिजली क्षेत्र में सुधार किए और बिजली उत्पादन और आपूर्ति में महत्त्वपूर्ण परिणाम मिले, लेकिन इसकी उन्हें राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ी और 2004 में उनकी चुनावी हार में इसकी भूमिका रही, क्योंकि उस समय लोगों ने बदलावों को पूरी तरह से स्वीकार नहीं किया था।
मुख्यमंत्री ने उद्योगों से कारखानों के परिसर में स्वयं बिजली उत्पादन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हर घर, कृषि पंप सेट, कारखाने और वाणिज्यिक परिसर को बाहरी ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने के लिए बिजली उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम एक व्यावहारिक समाधान बन गया है।