यूरोपीय संघ (ईयू) के भारतीय राजनीतिक दलों के साथ जुड़ाव के तहत ईयू देशों के मिशन प्रमुखों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सलमान खुर्शीद से दोपहर के भोजन पर मुलाकात की। ईयू के राजनयिक हर्वे डेल्फिन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने ‘बढ़ती ईयू-भारत रणनीतिक साझेदारी’ और बदलती भारतीय तथा वैश्विक भूराजनीतिक गतिशीलता पर चर्चा की।
भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत डेल्फिन ने ‘एक्स’ पर मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं जिसमें वह भी शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘भारतीय राजनीतिक दलों के साथ हमारे जुड़ाव के तहत ईयू के मिशन प्रमुखों ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख सलमान खुर्शीद के साथ दोपहर का भोजन किया।’