सिटी गैस वितरण कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मंगलवार को पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ग्राहकों के लिए कई प्रोत्साहनों की घोषणा की। यह कदम सरकार के उस निर्देश के अनुरूप है, जिसमें परिवहन क्षेत्र के लिए घरेलू पीएनजी और सीएनजी के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
कंपनी के अनुसार घरेलू ग्राहकों के लिए 16 मार्च से 30 अप्रैल तक नए रजिस्ट्रेशन पर 500 रुपये तक की मुफ्त गैस दी जा रही है। इसके अलावा उन नई इमारतों में जहां पीएनजी की पैठ 60 प्रतिशत से अधिक है, प्रति ग्राहक गैस बिल में 1,000 रुपये तक का समायोजन किया जाएगा। एमजीएल वेब रजिस्ट्रेशन करने वाले ग्राहकों को प्रति ग्राहक 500 रुपये का तत्काल डिस्काउंट भी दे रही है और गैस के उपयोग न होने की अवधि के दौरान न्यूनतम शुल्क भी माफ किया जा रहा है।इसके अलावा कंपनी जल्द ही शून्य अग्रिम रजिस्ट्रेशन शुल्क की सुविधा शुरू करेगी। जिसमें कनेक्शन लेने के बाद ही भुगतान करना होगा।
व्यावसायिक ग्राहकों के लिए भी एमजीएल ने रजिस्ट्रेशन शुल्क माफ कर दिया है। कंपनी डाउनस्ट्रीम इंफ्रास्ट्रक्चर का खर्च भी खुद वहन करेगी। इन लाभों का उद्देश्य पीएनजी को अधिक सुलभ बनाना है। साथ ही सेवा और विश्वसनीयता के उच्च मानकों को बनाए रखना है। कंपनी ने कहा कि वह पीएनजी और सीएनजी की निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
एमजीएल के प्रबंध निदेशक आशू सिंघल ने कहा, ‘ये पहल और लाभ प्राकृतिक गैस के दायरे को बढ़ाने की हमारी सोच को दर्शाते हैं, जो देश के स्वच्छ ईंधन की ओर बढ़ने के लिए आवश्यक है।’