रिलायंस समूह की वित्तीय सेवा कंपनी, जियो फाइनैंशियल सर्विसेज (जेएफएसएल) और जर्मनी की प्रमुख बीमा कंपनी आलियांज ग्रुप ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहयोगी कंपनी आलियांज यूरोप बी.वी के जरिये बीमा क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को एक समझौता किया है। दोनों कंपनियों सामान्य और स्वास्थ्य बीमा के लिए 50:50 का संयुक्त उद्यम बनाने के लिए एक बाध्यकारी समझौता किया है। इस साझेदारी की घोषणा पहली बार जुलाई 2025 में की गई थी और अब यह औपचारिक रूप लेगा।
यह संयुक्त उद्यम आवश्यक सांविधिक और नियामक स्वीकृतियां मिलने के बाद अपना परिचालन शुरू करेगा। इसके अलावा, जेएफएसएल और आलियांज भारत में जीवन बीमा कारोबार के लिए भी एक अलग बाध्यकारी समझौते पर काम कर रहे हैं।
जुलाई 2025 में, जेएफएसएल और आलियांज ग्रुप ने पहले एक 50:50 का पुनर्बीमा संयुक्त उद्यम बनाने के लिए भी एक बाध्यकारी समझौता किया था। उस समय, दोनों कंपनियों ने देश में जीवन और सामान्य बीमा कारोबार के लिए समान हिस्सेदारी वाले संयुक्त उद्यम स्थापित करने के लिए एक गैर-बाध्यकारी समझौता भी किया था।
मार्च 2026 में, पुनर्बीमा संयुक्त उद्यम, आलियांज जियो रीइंश्योरेंस लिमिटेड ने भारत में अपना परिचालन शुरू कर दिया था। आलियांज जियो रीइंश्योरेंस को भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) से 12 मार्च 2026 को अंतिम नियामकीय मंजूरी मिली थी। इसकी शुरुआत ऐसे समय में हो रही है जब भारत मजबूत आर्थिक प्रगति और अनुकूल जनसांख्यिकी का अनुभव कर रहा है।
ऐसे में, लंबी अवधि की वित्तीय सुरक्षा और समावेशी सुरक्षा समाधानों की मांग बढ़ रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, ‘वर्ष 2047 तक सबके लिए बीमा एक राष्ट्रीय अभियान है। देश की जनता जिन संस्थानों पर भरोसा करती हैं उन सबका यह कर्तव्य है कि इसका पालन किया जाए। जियो फाइनैंशियल सर्विसेज भी इसे करने के लिए प्रतिबद्ध है।’अंबानी ने आगे कहा, ‘मुझे आलियांज के साथ साझेदारी करने पर गर्व है, जो दुनिया के सबसे सम्मानित बीमा समूहों में से एक है और जो बीमा मूल्य श्रृंखला में हमारे विशेष बीमा साझेदार के रूप में काम करेगा।’
आलियांज 20 से अधिक वर्षों से बजाज फिनसर्व के साथ संयुक्त उद्यम भागीदार था और उसके दो बीमा संयुक्त उद्यम, बजाज आलियांज लाइफ और बजाज आलियांज जनरल थे। दोनों बीमा कंपनियों में आलियांज की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। मार्च 2025 में, बजाज फिनसर्व ने घोषणा की थी कि वह 24,180 करोड़ रुपये में दोनों संयुक्त उद्यमों में आलियांज की हिस्सेदारी खरीद लेगा। आलियांज एसई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ओलिवर बेटे ने कहा, ‘हमारी दोनों कंपनियां समावेशी आर्थिक विकास के महत्व और साझी-सतत समृद्धि के लिए बीमा की शक्तिशाली भूमिका पर भरोसा करती हैं। साथ मिलकर, हम देश भर के व्यक्तियों, परिवारों, उद्यमियों और व्यवसायों के लिए बीमा सुरक्षा को सरल और सुलभ बनाएंगे। ’