डेरी ब्रांड मदर डेरी वित्त वर्ष 27 में 20 प्रतिशत से अधिक की राजस्व वृद्धि के साथ 24,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का लक्ष्य बना रही है। गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है और कंपनी अपनी देशव्यापी मौजूदगी बढ़ाने की योजना तैयार कर रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक जयतीर्थ चारी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘हालांकि हमने दिल्ली से शुरुआत की थी, लेकिन अब इस इलाके से बाहर हमारी मौजूदगी 37 प्रतिशत है। हमें इसे बढ़ाकर 43 से 45 प्रतिशत तक ले जाने तथा आने वाले साल में खुद को असली देशव्यापी कंपनी के तौर पर स्थापित करने की उम्मीद है।’
चारी ने नए सीएमडी के रूप में पद संभाला है। उन्होंने आगे चलकर क्षेत्रीय से राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किए जाने को अपने प्रमुख क्षेत्रों में से एक के तौर पर तय किया है। इसमें बिहार जैसे नए इलाके और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्र भी शामिल होंगे।
चारी ने कहा, ‘हम अपनी ब्रांड इक्विटी को बढ़ाने, तकनीकी जुड़ाव पर काम करने और विकास को गति देने की योजना बना रहे हैं। हमने वित्त वर्ष 26 में 17 प्रतिशत की दर से 20,300 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। उम्मीद है कि अब 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज करेंगे। इसे गर्मी के जोरदार सीजन से भी मदद मिलेगी।
कंपनी बिहार में दो नए संयंत्रों और उत्तराखंड में एक नए संयंत्र के साथ दूध उत्पादन की अपनी क्षमता को प्रतिदिन 70 लाख लीटर तक बढ़ाने के लिए काम कर रही है। ये संयंत्र तीन महीने के भीतर चालू हो जाएंगे। डेरी ने उत्तर प्रदेश में तीन संयंत्रों का अधिग्रहण किया है। इससे मौजूदा 60 लाख लीटर प्रतिदिन की क्षमता को बढ़ाया जा सकेगा।