सौंदर्य और फैशन क्षेत्र की रिटेल कंपनी नायिका की मूल कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स लिमिटेड को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में उसका संयुक्त शुद्ध राजस्व पिछले वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़ेगा। यह पिछली 12 तिमाहियों में उसकी सबसे अधिक वृद्धि होगी। इस सूचना के बाद कंपनी के शेयर की कीमत शुरुआती कारोबारी में 3 प्रतिशत बढ़ गई। यह शेयर 252.65 रुपये पर बंद हुआ जो पिछले दिन के बंद भाव से 2.72 प्रतिशत अधिक है।
सोमवार को एक्सचेंज को दिए गए अपडेट में कंपनी ने कहा, ‘कुल शुद्ध राजस्व में करीब 20 प्रतिशत इजाफे की उम्मीद है, जो पिछली 12 तिमाहियों में सबसे अधिक वृद्धि होगी। यह मजबूत प्रदर्शन फैशन और सौंदर्य क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन के कारण हुआ है।’ कंपनी ने यह भी कहा कि संयुक्त मर्चेंडाइज मूल्य (जीएमवी) में वृद्धि 20 प्रतिशत के करीब होगी, जबकि शुद्ध बिक्री वैल्यू (एनएसवी) में बढ़ोतरी 30 प्रतिशत के शुरुआती दायरे के करीब रहने की उम्मीद है।
यह प्रदर्शन कंपनी के ब्यूटी और फैशन दोनों क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन के कारण हुआ। सौंदर्य कारोबार ने अपनी स्थिर रफ्तार जारी रखी। जीएमवी, एनएसवी और शुद्ध राजस्व में 20 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। वहीं, कंपनी के फैशन सेगमेंट में महत्वपूर्ण बदलाव देखा गया। उसकी जीएमवी वृद्धि 20 प्रतिशत रहने की उम्मीद है जबकि एनएसवी वृद्धि शुरुआती 40 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है।