प्रूडेंशियल पीएलसी ने आज अरबपति उद्योगपति सुनील मित्तल की भारती एंटरप्राइजेज द्वारा प्रवर्तित भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की। यह सौदा 3,500 करोड़ रुपये में होगा और इसका पूरा होना नियामक की मंजूरियों पर निर्भर करेगा। दूसरी ओर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में प्रूडेंशियल अपनी हिस्सेदारी लगभग 22 फीसदी से घटाकर 10 फीसदी करेगी।
प्रूडेंशियल पीएलसी ने यह भी कहा कि कुछ शर्तों के पूरा होने पर 700 करोड़ रुपये तक की अतिरिक्त राशि का भुगतान किया जा सकता है। कंपनी ने आगे कहा कि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में हिस्सेदारी बेचने से जो पैसा मिलेगा, उसका एक हिस्सा भारती लाइफ के विकास में लगाया जाएगा और बाकी पूंजी प्रूडेंशियल के मुक्त अधिशेष में रहेगी।
सूत्रों के अनुसार प्रूडेंशियल, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल में अपनी हिस्सेदारी ब्लॉक डील के माध्यम से सेकंडरी मार्केट में बेचने की तैयारी कर रही है। फरवरी में आईसीआईसीआई बैंक के बोर्ड ने बीमा कंपनी में 2 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी थी। सूत्र ने बताया, ‘प्रूडेंशियल को आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ के बोर्ड से अपने एकमात्र सदस्य को वापस लेना होगा।’
वर्तमान में, आईसीआईसीआई बैंक की जीवन बीमा कंपनी में 50.89 फीसदी हिस्सेदारी है। वर्तमान नियम किसी कंपनी को एक से अधिक बीमा कंपनियों में 10 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी रखने की अनुमति नहीं देते हैं। यह हाल के समय में दूसरा मौका है जब किसी वैश्विक बीमा प्रमुख ने दीर्घकालिक साझेदारी से बाहर निकलकर किसी अन्य के साथ हाथ मिलाया है। पिछले साल अलायंज ने बजाज फिनसर्व के साथ अपनी साझेदारी समाप्त कर दी थी और मुकेश अंबानी की जियो फाइनैंशियल के साथ साझेदारी करने का फैसला किया था।
वर्तमान में सुनील भारती मित्तल की भारती एंटरप्राइजेज के पास भारती लाइफ की 85 फीसदी हिस्सेदारी भारती लाइफ वेंचर्स के माध्यम से है, जबकि 360 वन ऐसेट मैनेजमेंट के पास शेष 15 फीसदी हिस्सेदारी है। प्रूडेंशियल पीएलसी द्वारा 75 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने के बाद 360 वन पूरी तरह से बाहर हो जाएगी और भारती की हिस्सेदारी घटकर 25 फीसदी रह जाएगी।
प्रूडेंशियल ने कहा कि भारत आकर्षक बाजार है और उसने इस लेनदेन को रणनीतिक कदम बताया। कंपनी ने कहा, ‘यह प्रूडेंशियल की भारतीय ग्राहकों की बीमा जरूरतों को पूरा करने की क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगा, जिसमें उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला और कई वितरण चैनलों पर पेशकश के प्रबंधन और परिचालन नियंत्रण शामिल हैं।’
इसके अलावा प्रूडेंशियल पीएलसी ने एचसीएल ग्रुप प्रवर्तक के साथ संयुक्त उद्यम में स्वास्थ्य बीमा कंपनी, प्रूडेंशियल एचसीएल हेल्थ इंश्योरेंस शुरू करने की योजना की भी घोषणा की। कंपनी ने कहा कि वह नियामक से मंजूरी प्राप्त करने की दिशा में काम कर रही है और 2026 में संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
प्रूडेंशियल पीएलसी ने कहा, ‘सौदा पूरा होने के बाद प्रूडेंशियल के भारतीय परिचालन में बहुल-स्वामित्व वाली भारती लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और प्रूडेंशियल एचसीएल हेल्थ इंश्योरेंस के साथ ही दो सूचीबद्ध इकाइयों में अल्पांश हिस्सेदारी होगी।’
सौद के जरिये भारती की स्थानीय पहुंच प्रूडेंशियल की लंबे समय से स्थापित बीमा विशेषज्ञता के साथ मिलकर, भारतीय उपभोक्ताओं के लिए जीवन और स्वास्थ्य सुरक्षा समाधानों तक पहुंच का विस्तार करने में मदद करेगी। प्रूडेंशियल के भारती एंटरप्राइजेज और संबंधित संस्थाओं के अन्य व्यवसायों के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद है।
प्रूडेंशियल पीएलसी के सीईओ अनिल वाधवानी के अनुसार भारत कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्त्वपूर्ण बाजार है। उन्होंने कहा, ‘भारती लाइफ में नियंत्रण योग्य हिस्सेदारी हासिल करके, हम प्रूडेंशियल की लगभग 180 वर्षों की वैश्विक बीमा विशेषज्ञता और भारती की मजबूत और बढ़ती स्थानीय उपस्थिति को भारतीय उपभोक्ताओं की बचत और सुरक्षा की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक साथ ला रहे हैं।’
भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा, ‘प्रूडेंशियल का अनुभव और वैश्विक विस्तार भारती के मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड के साथ मिलकर, भारत के जीवन बीमा क्षेत्र की अपार क्षमता का दोहन करने के लिए शानदार गठबंधन बनाते हैं। यह साझेदारी भारती लाइफ के कर्मचारियों के लिए नए अवसर खोलती है और भारत और ब्रिटेन के बीच रणनीतिक संबंध को और मजबूत करती है।’