facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

Q4 Results: Airtel का मुनाफा गिरा लेकिन Tata Motors, HPCL और Oil India ने दिखाई जबरदस्त कमाई

Advertisement

भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, टीवीएस मोटर, एचपीसीएल और ऑयल इंडिया समेत कई बड़ी कंपनियों ने चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए

Last Updated- May 14, 2026 | 11:02 AM IST
Q4 Results

देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने मार्च 2026 में समाप्त चौथी तिमाही के दौरान शुद्ध लाभ में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 33.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की और यह घटकर 7,325 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि इसी तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व पिछले साल के मुकाबले 15.6 प्रतिशत बढ़कर 55,383 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही आधार पर राजस्व दिसंबर 25 में दर्ज 53,982 करोड़ रुपये की तुलना में 2.6 प्रतिशत बढ़ा, जबकि लाभ 6,631 करोड़ रुपये के मुकाबले 10.5 प्रतिशत बढ़ा। समूचे वित्त वर्ष 26 के दौरान एयरटेल का मुनाफा 20.4 प्रतिशत घटकर 26,695 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 33,556 करोड़ रुपये था। अलबत्ता राजस्व 21.9 प्रतिशत बढ़कर 2.1 लाख करोड़ रुपये हो गया।

वैश्विक स्तर पर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के मुनाफे का अहम मासिक आंकड़ा यानी प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) मार्च 2026 में समाप्त तिमाही में बढ़कर 257 रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 245 रुपये की तुलना में 4.9 प्रतिशत अधिक है। अलबत्ता दिसंबर 2025 में समाप्त तिमाही में दर्ज 259 रुपये की तुलना में एआरपीयू में तिमाही आधार पर 0.77 प्रतिशत की गिरावट आई। संभवतः कई तिमाहियों में पहली बार ऐसा हुआ है। एयरटेल का एआरपीयू रिलायंस जियो के 214 रुपये से अधिक रहा। वोडाफोन आइडिया अपने तिमाही नतीजे 16 मई को जारी करेगी।

कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा, ‘हम विश्व स्तरीय डिजिटल नेटवर्क बनाने, एआई को केंद्र में रखकर एयरटेल को भविष्य के लिए तैयार करने और दीर्घकालिक विकास के लिए अपने पोर्टफोलियो को तेज करने में निवेश की रफ्तार जारी रखेंगे। हमारा प्रमुख जोर अपने परिचालन से डीजल को पूरी तरह से खत्म करना है। हम स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ाने के लिए इंडस टावर्स के साथ काम कर रहे हैं।’

तिमाही के दौरान पूंजीगत व्यय 16,066 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 26 के लिए निदेशक मंडल ने 5 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंकित मूल्य वाले पूर्ण चुकता इक्विटी शेयर पर 24 रुपये का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में समेकित एबिटा सालाना आधार पर 16.9 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 32,038 करोड़ रुपये हो गया।

भारती एयरटेल के भारत के कारोबार ने वित्त वर्ष 26 में 39,565 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष के 36,734 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 13.2 प्रतिशत अधिक है। एयरटेल अफ्रीका का मुनाफा वित्त वर्ष 26 के दौरान 147.4 प्रतिशत बढ़कर 81.3 करोड़ डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 32.8 करोड़ डॉलर था।

भारती एयरटेल के निदेशक मंडल ने ब्रिटेन में सूचीबद्ध एयरटेल अफ्रीका में 16.31 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को बुधवार को मंजूरी दे दी। यह हिस्सेदारी प्रवर्तक समूह की कंपनी इंडियन कॉन्टिनेंट इनवेस्टमेंट लिमिटेड (आईसीआईएल) के पास थी। इस हिस्सेदारी को तरजीही आधार पर खरीदा जाएगा।

चौथी तिमाही में टाटा मोटर्स का मुनाफा 34 प्रतिशत बढ़ा

वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता कंपनी टाटा मोटर्स का वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 33.8 प्रतिशत बढ़कर 1,793 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 1,340 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में कहा कि चौथी तिमाही में उसकी कुल परिचालन आय बढ़कर 26,098 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 21,863 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की वाहनों की थोक बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 1.32 लाख वाहन हो गई। टाटा मोटर्स ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 24,134 करोड़ रुपये रहा। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में टाटा मोटर्स का एकीकृत शुद्ध लाभ 3,030 करोड़ रुपये रहा, जबकि 2024-25 में यह 3,195 करोड़ रुपये था।

टाटा मोटर्स ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी परिचालन से कुल आय बढ़कर 83,855 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 58,217 करोड़ रुपये थी। कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी गिरीश वाघ ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 वाणिज्यिक वाहन उद्योग के लिए अहम मोड़ साबित हुआ। कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक पूर्ण चुकता सामान्य शेयर पर चार रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।

टीवीएस मोटर के शुद्ध मुनाफे में हुआ 17.5 प्रतिशत का इजाफा

वाहन विनिर्माता कंपनी टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड का वित्त वर्ष-2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में वाहनों की मजबूत बिक्री के कारण एकीकृत शुद्ध लाभ 17.5 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 819.55 करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 697.51 करोड़ रुपये था। टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चौथी तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 15,052.73 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 11,542 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के अनुसार, समीक्षाधीन तिमाही के दौरान अंतरराष्ट्रीय कारोबार सहित कुल दोपहिया और तिपहिया वाहन बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 15.60 लाख इकाई हो गई, जबकि 2024-25 की समान तिमाही में यह 12.16 लाख इकाई थी। टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड की 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में मोटरसाइकिल बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 6.93 लाख इकाई हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 5.64 लाख इकाई थी। वहीं, स्कूटर बिक्री 32 प्रतिशत बढ़कर 6.60 लाख इकाई रही।

एचपीसीएल का शुद्ध लाभ 77% बढ़ा

सरकार द्वारा संचालित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के दौरान समेकित शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 77.58 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है और यह बढ़कर 6,065 करोड़ रुपये हो गया। मुनाफे में यह बड़ी उछाल मुख्य रूप से इस अवधि के दौरान कच्चे तेल के लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल के नरम दाम रहने और बेहतर सकल रिफाइनिंग मार्जिन (जीआरएम) के कारण आई।

वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में कंपनी का परिचालनगत राजस्व पिछले साल की इसी अवधि के 1.18 लाख करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 1.23 लाख करोड़ रुपये हो गया। चौथी तिमाही में कंपनी का जीआरएम पिछले साल के 8.44 डॉलर प्रति बैरल की तुलना में 14.27 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

एचपीसीएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 26 के लिए 19.25 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि 31 मार्च तक एलपीजी सिलिंडरों की बिक्री पर एचपीसीएल की अंडर-रिकवरी 12,798 करोड़ रुपये रही। वित्त वर्ष 26 के दौरान एचपीसीएल की रिफाइनरियों ने 2.604 करोड़ टन का अब तक का सर्वाधिक क्रूड प्रोसेस किया, जो वित्त वर्ष 25 के 2.527 करोड़ टन की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है।

ऑयल इंडिया का लाभ 62 प्रतिशत बढ़ा

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) का कच्चे तेल के उत्पादन में वृद्धि और बेहतर कीमत मिलने से वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 62 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,424 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,497 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में ऑयल इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 7,551 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 7,040 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने कहा कि चौथी तिमाही में लाभ बढ़ने की मुख्य वजह कच्चे तेल के उत्पादन में छह प्रतिशत की वृद्धि और बेहतर मूल्य प्राप्ति रही। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी को कच्चे तेल का औसत मूल्य 77.89 डॉलर प्रति बैरल मिला, जबकि एक वर्ष पहले की समान अवधि में यह 74.46 डॉलर प्रति बैरल था। कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। इसके अलावा, कंपनी चालू वित्त वर्ष के दौरान पहले ही कुल 10.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश दे चुकी है।

ऑयल इंडिया ने कहा कि उसके पुराने तेल क्षेत्रों से कच्चे तेल का उत्पादन जनवरी- मार्च तिमाही में बढ़कर 8.91 लाख टन हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान तिमाही में 8.44 लाख टन था। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने पिछले एक दशक का सर्वाधिक दैनिक कच्चा तेल उत्पादन दर्ज किया और वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान रिकॉर्ड 74 कुओं की खुदाई की। कंपनी की अनुषंगी नुमालीगढ़ रिफाइनरी का लाभ भी वित्त वर्ष 2025-26 में 90 प्रतिशत बढ़कर 3,057 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान उसका सकल रिफाइनिंग मार्जिन 13.43 डॉलर प्रति बैरल रहा।

Advertisement
First Published - May 14, 2026 | 11:02 AM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement