पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजीत अगरकर ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट इलाके में स्थित अपना एक आवासीय अपार्टमेंट बेच दिया है। यह जानकारी संपत्ति पंजीकरण दस्तावेजों के आधार पर रियल एस्टेट प्लेटफॉर्म स्क्वेयर यार्ड्स ने दी है। दस्तावेज महाराष्ट्र के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन (IGR) की वेबसाइट से प्राप्त किए गए हैं। यह सौदा अप्रैल 2026 में पंजीकृत हुआ था।
आईजीआर के दस्तावेजों के अनुसार यह संपत्ति बांद्रा वेस्ट स्थित ज्वेल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में है। अगरकर ने इसे 4 करोड़ रुपये में बेचा है। अपार्टमेंट का निर्मित क्षेत्रफल 114.15 वर्ग मीटर (करीब 1,229 वर्ग फुट) है और इसके साथ दो कार पार्किंग स्थान भी शामिल हैं। इस लेनदेन पर 24 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और 30,000 रुपये का पंजीकरण शुल्क अदा किया गया।
Also Read: बजाज फिनसर्व के बोर्ड से हटेंगे राजीव बजाज, ऑटो कारोबार पर बढ़ाएंगे फोकस
बांद्रा वेस्ट मुंबई के सबसे प्रतिष्ठित और मांग वाले रियल एस्टेट बाजारों में से एक माना जाता है। यह इलाका प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं, आधुनिक जीवनशैली सुविधाओं और मजबूत सामाजिक बुनियादी ढांचे के लिए प्रसिद्ध है। यहां सड़क मार्ग, उपनगरीय रेल नेटवर्क और मुंबई मेट्रो के जरिए उत्कृष्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध है। साथ ही, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक भी आसान पहुंच है।
बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), लोअर परेल और नरीमन पॉइंट जैसे प्रमुख कारोबारी केंद्रों के निकट होने के कारण यह क्षेत्र पेशेवरों, उद्यमियों और उच्च आय वर्ग के लोगों की पसंद बना हुआ है। व्यावसायिक सुविधाओं, आधुनिक जीवनशैली और समुद्र तटीय आकर्षण के कारण यहां आवासीय संपत्तियों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।
Also Read: Gold ETF से एक साल में पहली बार निकासी, बढ़ी निवेशकों की चिंता; अब आगे क्या करना चाहिए?
अजीत अगरकर भारत के पूर्व क्रिकेटर और वर्तमान क्रिकेट प्रशासक हैं। अगरकर तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे, वह बल्लेबाजी भी कर लेते थे। इसलिए उन्होनें ऑलराउंडर के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। अगरकर ने 1998 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और भारत का प्रतिनिधित्व खेल के सभी प्रारूपों में किया। 2000 के दशक की शुरुआत में वह भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे और बल्ले तथा गेंद दोनों से योगदान देने के लिए जाने गए।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान अगरकर ने सभी प्रारूपों में मिलाकर 300 से अधिक विकेट लिए और 3,500 से ज्यादा रन बनाए। पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने क्रिकेट प्रशासन में कदम रखा और वर्ष 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए।