एलऐंडटी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलऐंडटी रियल्टी प्रॉपर्टीज लिमिटेड (एलटीआरपीएल) ने दिल्ली की इंटरनैशनल ग्रीन स्कैप्स (आईजीएसएल) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इस अधिग्रहण से एलटीआरपीएल को गुरुग्राम में आईजीएसएल के स्वामित्व वाली 20 एकड़ जमीन का उपयोग करने का अवसर मिलेगा। 10 अप्रैल को स्टॉक एक्सचेंज को भेजी जानकारी में कंपनी ने बताया था कि इस जमीन को खरीदने की लागत 1,123 करोड़ रुपये है। इस जमीन पर लगभग 36 लाख वर्ग फुट विकास कार्य किया जा सकता है।
यह सौदा पूरी तरह से नकदी में हुआ है। एलटीआरपीएल द्वारा एनसीआर के बाजार में जमीन खरीदने का यह पहला मामला है। स्क्वायर यार्ड्स इंटेलीजेंस के अनुसार मार्च 2026 तक गुरुग्राम में प्रॉपर्टी की औसत कीमत 14,872 रुपये प्रति वर्ग फुट थी। मामले के जानकार सूत्र ने बताया कि जमीन का इस्तेमाल आवासीय विकास के लिए किया जाएगा। एलटीआरपीएल अर्बन-प्रीमियम और लक्जरी रियल एस्टेट सेगमेंट में काम करती है।
इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 के दौरान एलटीआरपीएल और एलऐंडटी रियल्टी डेवलपर्स, जो एलऐंडटी की एक और पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है, ने मिलकर मुंबई, दिल्ली और बेंगलूरु में भूमि अधिग्रहण का काम पूरा किया, जिसकी कुल विकास क्षमता 30 लाख वर्ग फुट है। एलऐंडटी ने बताया कि इन अधिग्रहणों से मध्यावधि में विकास की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
एलऐंडटी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक एस एन सुब्रमण्यन ने कहा, ‘भारत का रियल एस्टेट बाजार व्यवस्थित, पारदर्शी और संस्थागत रूप से वित्त पोषित ढांचे में बदल रहा है, जिसमें अगले दशक में आवासीय और कमर्शियल, दोनों ही सेगमेंट में विकास की अपार संभावनाएं हैं। एलऐंडटी रियल्टी भूमि के अनुशासित और सक्रिय अधिग्रहण तथा संयुक्त विकास साझेदारियों के जरिये मजबूत विकास पोर्टफोलियो निर्माण की राह पर बढ़ रही है।’