बेंगलूरु की रियल एस्टेट डेवलपर पूर्वांकर लिमिटेड ने अगले दो वर्षों के दौरान 30 परियोजनाएं शुरू करने की योजना तैयार की है। इन परियोजनाओं का कुल क्षेत्रफल 5.114 करोड़ वर्ग फुट होगा और अनुमानित सकल विकास मूल्य (जीडीवी) 55,000 करोड़ रुपये से अधिक होगा। इनमें से अधिकांश डेवलपमेंट दक्षिण भारत और मुंबई में केंद्रित रहेगा। कंपनी के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इन आगामी परियोजनाओं का बड़ा हिस्सा मंजूरी वाले चरण में है। शेष हिस्सा डिजाइन वाले चरणों में है और मंजूरी जल्द ही मिलने की उम्मीद है। इन्हें दमदार लैंड बैंक और व्यवस्थित पूंजी आवंटन रणनीति की मदद से किया जा रहा है।
प्रबंध निदेशक आशिष पूर्वांकर ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि कंपनी विकास के नए अवसर तलाश कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि कंपनी की डेटा सेंटर क्षेत्र में भी उतरने की योजना है। वह इस परिसंपत्ति वर्ग का पहले ही अध्ययन कर चुकी है। उन्होंने कहा, ‘हम अब समय को अधिक अनुकूल मानते हैं।’ डेवलपर की आगामी महीनों में दिल्ली-एनसीआर बाजार में भी प्रवेश की योजना है। इससे उसे दक्षिण और पश्चिम में अपनी मौजूदा मजबूत पकड़ आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पूर्वांकर ने कहा कि चल रहे पश्चिमी एशियाई संघर्ष से निर्माण लागत पर खासा बोझ पड़ने के आसार नहीं हैं, साथ ही यह भी कहा कि खाड़ी देशों के एनआरआई भारत में संपत्ति खरीद में अधिक रुचि दिखा रहे हैं। पूर्वांकर के मुख्य कार्य अधिकारी (दक्षिण) मल्लन्ना सासालू ने कहा कि कंपनी की निकट भविष्य की योजनाएं 35,636 करोड़ रुपये की हैं। यह अगले 30 महीने में लगभग 3.3 करोड़ वर्ग फुट की लॉन्चिंग के बराबर है। इसमें से लगभग 2.5 करोड़ वर्ग फुट दक्षिणी बाजारों में होगी और बाकी पश्चिमी क्षेत्र में।