Reliance Q4FY26 results: भारत की सबसे बड़ी मार्केट कैपिटलाइजेशन वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। Q4FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 13% फीसदी घटकर 16,971 करोड़ रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (Q4FY25) में यह 19,407 करोड़ रुपये था। कंपनी के मुनाफे में यह गिरावट मुख्य रूप से ग्लोबल एनर्जी संकट के प्रभाव के कारण दर्ज की गई, जिसने उसके प्रमुख ऑयल और केमिकल्स कारोबार पर दबाव डाला। हालांकि टेलीकॉम और रिटेल जैसे उपभोक्ता-केंद्रित क्षेत्रों से अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला, फिर भी वह इस गिरावट की पूरी तरह भरपाई नहीं कर सके। इसके बावजूद, मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली इस कंपनी ने अपने शेयरधारकों को ₹6 प्रति शेयर के डिविडेंड का तोहफा दिया।
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली ऑयल-टू-टेलीकॉम-टू-रिटेल ग्रुप वाली इस कंपनी ने मार्च तिमाही में अपने संचालन से होने वाली कुल आय में सालाना आधार पर 12.9% की बढ़ोतरी दर्ज की है। यह बढ़कर 2,98,621 करोड़ रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2025 की इसी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) की आय 2,64,573 करोड़ रुपये थी।
Also Read: RBI का बड़ा एक्शन: पेटीएम पेमेंट्स बैंक का लाइसेंस रद्द, नियमों के उल्लंघन के चलते हुई कार्रवाई
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, मुकेश अंबानी ने कहा, “वित्त वर्ष 2026 के दौरान हमें भू-राजनीतिक व्यवधानों, ऊर्जा की कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक व्यापार के बदलते पैटर्न का सामना करना पड़ा। इन चुनौतियों का असर दुनिया भर के कारोबारों पर पड़ा। इसके बावजूद, भारत ने अपने आर्थिक विकास की गति बनाए रखी, और रिलायंस ने भी इस दौरान स्थिर प्रदर्शन किया। हमारे कारोबारों का व्यापक दायरा और घरेलू बाजार पर मजबूत फोकस ने हमें बाहरी माहौल में आए उतार-चढ़ाव को बेहतर तरीके से संभालने में मदद की।”
कंपनी ने 31 मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के लिए 10 रुपये फैस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 6 रुपये के डिविडेंड की सिफारिश की है।
जियो प्लेटफॉर्म्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में मुनाफा 13 फीसदी बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान (जनवरी-मार्च) तिमाही में 7,022 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि चौथी तिमाही में जियो का ऑपरेशन से रेवन्यू 12.5 फीसदी बढ़कर 38,259 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 39,853 करोड़ रुपये था।
रिलायंस जियो को चलाने वाली इस कंपनी की प्रति उपयोगकर्ता औसत आय (ARPU) भी बढ़ी है। 2025-26 की चौथी तिमाही में यह 3.8 फीसदी बढ़कर 214 रुपये हो गई जो 2024-25 की समान तिमाही में 206.2 रुपये थी।