ऑनलाइन कैब सेवा प्रदाता UBER ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के तहत संचालित होने वाले हवाईअड्डों पर अपने कैब सर्विस जोन बनाने के लिए प्राधिकरण के साथ एक समझौता किया है।
उबर की भारत एवं दक्षिण एशिया इकाई के अध्यक्ष प्रभजीत सिंह ने कहा कि AAI के कई हवाईअड्डों पर उबर कैब सेवा जोन बनाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इससे UBER हवाईअड्डा परिसर में ही समर्पित पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट बनाने के साथ ही साझेदार ड्राइवरों को सुविधाजनक पार्किंग मुहैया करा पाएगी।
सिंह ने इस समझौते को वृद्धि के लिए एक अहम कदम बताते हुए कहा, ‘इस तरह हम भारतीय अर्थव्यवस्था के सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्षेत्रों में शामिल विमानन क्षेत्र में अपनी भागीदारी कर पाएंगे।’
उन्होंने कहा कि शहरों के रिहायशी इलाकों से हवाईअड्डों के आम तौर पर दूर होने से हवाईअड्डा तक आवाजाही कैब राजस्व का एक प्रमुख स्रोत होता है। उबर के कुल राजस्व में भी हवाईअड्डे तक आने-जाने के लिए कैब सेवाओं की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत है। AAI देश भर में करीब 137 हवाईअड्डों का परिचालन करता है जबकि UBER 120 से अधिक शहरों में कैब सेवाएं मुहैया कराती है।