Vipul Organics Expansion: स्पेशलिटी केमिकल्स बनाने वाली कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स ने यूरोप में अपने कारोबार को मजबूत करने के लिए स्विट्जरलैंड की बड़ी कंपनी ओम्या ग्रुप के साथ साझेदारी की है। इस समझौते के तहत ओम्या अब यूरोप के कई देशों में विपुल ऑर्गेनिक्स के SunTone और SunCoat ब्रांड के रंग (पिगमेंट) बेचने और वितरित करने का काम करेगी। इसमें ब्रिटेन, नॉर्वे, सर्बिया, बोस्निया, मोंटेनेग्रो, नॉर्थ मैसेडोनिया, अल्बानिया और मोल्दोवा जैसे देश शामिल हैं।
विपुल ऑर्गेनिक्स के ये उत्पाद पेंट, इंक, प्लास्टिक, कपड़ा, रबर, ऑटोमोबाइल कोटिंग और सजावटी पेंट जैसे कई उद्योगों में इस्तेमाल होते हैं। कंपनी का कहना है कि इस साझेदारी से उसके उत्पादों की पहुंच यूरोप में और बढ़ेगी। ओम्या के पास 50 से ज्यादा देशों में मजबूत नेटवर्क और तकनीकी सहायता की सुविधा है, जिससे ग्राहकों तक उत्पाद आसानी से पहुंच सकेंगे।
यह पढ़ें: TCS ने AI की दुनिया में खेला बड़ा दांव! 50,000 कर्मचारियों को मिलेगा Claude AI का एक्सेस
Vipul Organics के प्रबंध निदेशक विपुल पी. शाह ने कहा कि ओम्या के साथ यह साझेदारी कंपनी के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम है। उनका मानना है कि इससे अगले कुछ वर्षों में कंपनी की अंतरराष्ट्रीय बिक्री और बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विपुल ऑर्गेनिक्स पिगमेंट और डाई बनाने वाली देश की प्रमुख कंपनियों में से एक है। कंपनी के महाराष्ट्र में तीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं और उसके उत्पाद 50 से ज्यादा देशों में बिकते हैं। वहीं, 1884 में स्थापित ओम्या दुनिया की बड़ी स्पेशलिटी मैटेरियल और मिनरल कंपनियों में गिनी जाती है। कंपनी 50 देशों में कारोबार करती है और उसके करीब 9,000 कर्मचारी हैं।