facebookmetapixel
Advertisement
राज्य की प्रतिक्रिया और अभिव्यक्ति की सीमाएं testtestभारत का डिफेंस प्रोडक्शन ऑल-टाइम हाई पर, FY26 में15.6% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ पर पहुंचाHCL Tech के नतीजों की तारीख तय, 13 जुलाई को आएगा रिपोर्ट कार्ड; डिविडेंड पर भी होगा फैसलारिटर्न कहीं और, निवेश कहीं और! क्या सही फंड चुन रहे हैं निवेशक? एक्सपर्ट से समझेंAI के दम पर नई छलांग की तैयारी में Coforge? शेयर में 50% तक तेजी की उम्मीद, एक्सपर्ट्स बुलिशकच्चा तेल सस्ता हो रहा है, फिर पेट्रोल-डीजल क्यों नहीं?20 लाख रुपये से ज्यादा पैकेज वाली नौकरियों में उछाल, ब्रोकरेज ने बताए 4 पसंदीदा IT स्टॉक्सJio IPO का इंतजार खत्म! ₹4 अरब के मेगा IPO की तैयारी तेज, जल्द दाखिल होंगे ड्राफ्ट पेपरसरकार के आदेश के खिलाफ Telegram का पलटवार, Delhi HC पहुंची याचिकाब्राजील में पेट्रोल से 70% सस्ता, भारत में सिर्फ 20%: क्या फ्लेक्स-फ्यूल बनेगा हिट? बता रहे एक्सपर्ट

कांग्रेस ने MP चुनाव प्रचार के लिए चुराया इमरान खान की पार्टी का थीम सांग: भाजपा

Advertisement

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ का प्रचार गीत पाकिस्तान से चुराया है

Last Updated- September 18, 2023 | 4:39 PM IST
BJP and Congress

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस पर राज्य में अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ के लिए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) का थीम सांग चुराने का आरोप लगाया है। इस पर विपक्षी दल कांग्रेस ने पलटवार करते हुए दावा किया कि हरियाणा की भाजपा नीत सरकार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पाकिस्तानी पार्टी के गाने को ‘कॉपी’ किया और इसी तरह भाजपा ने राजस्थान में (चुनाव प्रचार में) इसका इस्तेमाल किया।

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 19 सितंबर से राज्य के सात स्थानों से निकलने वाली है। प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

क्या है इमरान खान की पार्टी का थीम सांग?

विवाद तब शुरू हुआ, जब भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के सचिव राहुल कोठारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हाल ही में ‘जन आक्रोश यात्रा’ के लिए जारी गीत ‘चलो, चलो कांग्रेस के संग चलो’ में ‘चलो इमरान के साथ’ की नकल की है, जो कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सांग है।

भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर कांग्रेस के चुनाव अभियान गीत के साथ पाकिस्तानी पार्टी के थीम सांग का वीडियो साझा किया।

कोठारी ने आरोप लगाया, ‘अब तक कांग्रेस पाकिस्तान के पक्ष में और हिंदुस्तान के विरोध में नारे लगाने वालों को अपना लेती थी। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई पाकिस्तान के संगीत को भी अपनाने लगी है।’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह जन आक्रोश यात्रा के पोस्टर से गायब हैं, ‘लेकिन वह पृष्ठभूमि संगीत दे रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि यह तुष्टिकरण की पराकाष्ठा है। उन्होंने दावा किया कि यह कोई बड़ी बात नहीं होगी, अगर कांग्रेस का झंडा जल्द ही पूरी तरह हरा हो जाए।

भाजपा ने कहा- ‘कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम आया सामने’

भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने। मध्य प्रदेश चुनाव में अपने प्रचार गाने के लिए कांग्रेस ने पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी के थीम सांग को ही चुरा लिया। कांग्रेस की ‘चोरी’ की आदत पुरानी है, लेकिन पाकिस्तान से इतना प्रेम क्यों? जवाब दे कांग्रेस।’

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने कहा, ‘दुर्भाग्य से, जो लोग पाकिस्तान के मित्र हैं, वे कांग्रेस के प्रचार गीत पर आपत्ति जता रहे हैं। चुनावी फायदा लेने के लिए सेना के जवानों को शहीद करवाने वालों ने एक गाने पर आपत्ति जताई है।’

मिश्रा ने कहा कि भाजपा शायद भूल गई है कि बिना निमंत्रण के पाकिस्तान कौन गया था और किसने अपने शपथ ग्रहण समारोह में पड़ोसी देश के प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया था।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा- कमलनाथ के ‘चलो चलो’ कहने से विश्वास हुआ खत्म

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ का प्रचार गीत पाकिस्तान से चुराया है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कमलनाथ (कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री) के ‘चलो चलो’ कहने की वजह से अपनी विश्वसनीयता खो दी थी। जनता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को ‘चलो चलो’ कहने जा रही है।’

दूसरी तरफ, कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने भाजपा पर राजस्थान और हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान पाकिस्तानी पार्टी का थीम सांग चुराने का आरोप लगाया।

बबेले ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भाजपा का एक ही मंत्र चोरी और सीनाजोरी। पाकिस्तान के इमरान खान (की पार्टी) का गाना हरियाणा की भाजपा सरकार के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कॉपी किया है। फिल्म विशेषज्ञ नरोत्तम मिश्रा जी दोनों गाने सुनो और बताओ इतनी पाकिस्तान परस्ती कहां से लाते हो।’

कांग्रेस ने 17 सितंबर को “चलो, चलो…” गीत पेश किया। यात्रा के “भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध’’ जैसे विभिन्न मुद्दों को उजागर करने के लिए 15 दिनों में मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में 11,400 किलोमीटर की दूरी तय करने की उम्मीद है। भाजपा ने “लोगों का आशीर्वाद लेने” के लिए पहले ही ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ शुरू कर दी है। विभिन्न स्थानों से निकाली जा रही यात्राओं का समापन 25 सितंबर को भोपाल में होगा।

Advertisement
First Published - September 18, 2023 | 4:39 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement