आईसीआईसीआई बैंक ने सोमवार को कहा कि वह आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में अपनी बहुल हिस्सेदारी बरकरार रखने का इरादा रखता है। इससे जीवन बीमा कंपनी के प्रति उसकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।
बैंक ने एक्सचेंज को बताया, ‘हम आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में अपनी बहुल हिस्सेदारी बरकरार रखने का इरादा रखते हैं। इससे हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता तय होती है।’ यह बयान प्रूडेंशियल पीएलसी (आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में आईसीआईसीआई बैंक का संयुक्त उद्यम भागीदार) द्वारा रविवार को हुई घोषणा के बाद आया है। इसमें उसने भारती लाइफ इंश्योरेंस में 75 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के बाद सूचीबद्ध बीमा कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 10 प्रतिशत से कम करने की योजना बताई थी।
वर्तमान नियमों के अनुसार कोई भी संस्था एक से अधिक बीमा कंपनियों में 10 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी नहीं रख सकती है। अभी आईसीआईसीआई बैंक के पास आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में 50.89 प्रतिशत हिस्सेदारी है जबकि प्रूडेंशियल पीएलसी के पास लगभग 22 प्रतिशत हिस्सेदारी है
सूत्रों के मुताबिक आईसीआईसीआई बैंक प्रूडेंशियल पीएलसी से लगभग 2 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर सकता है। इससे उसकी हिस्सेदारी 51 प्रतिशत से अधिक हो जाएगी और वह बहुसंख्यक शेयरधारक के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर लेगा। वहीं, प्रूडेंशियल अपनी शेष हिस्सेदारी का लगभग 10 प्रतिशत ब्लॉक डील के जरिए मुख्य रूप से म्यूचुअल फंडों को बेचने की संभावना है।
प्रूडेंशियल पीएलसी व आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, हिस्सेदारी विनिवेश प्रक्रिया को पूरा करने के लिए भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण से 12-18 महीने का समय मांग सकते हैं। प्रूडेंशियल पीएलसी ने ईमेल का जवाब नहीं दिया।
शुरुआती कारोबार में सोमवार को आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के शेयर 10 प्रतिशत तक गिर गए, लेकिन कुछ हद तक संभल गए। अंततः बीएसई पर शेयर 3.64 प्रतिशत गिरकर 515.75 रुपये पर बंद हुआ।