हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की कई घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई और करीब 50 व्यक्ति लापता हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बारिश के कारण कई मकान, पुल और सड़कें बह गई हैं।
राज्य आपात अभियान केंद्र ने बताया कि कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाना इलाकों, मंडी के पधर और शिमला जिले के रामपुर में बादल फटे। मौसम विभाग ने गुरुवार को कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया।
घटनास्थल पर मौजूदा शिमला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल, पुलिस और होम गार्ड ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और लापता लोगों की तलाश के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। जिले में सभी शैक्षणिक संस्थानों तथा विद्यालयों को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और राज्य में बादल फटने से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। शाह ने इस स्थिति में मुख्यमंत्री को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद देने का आश्वासन भी दिया है।