TN CM Oath Ceremony: तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के संस्थापक सी जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार DMK और AIADMK गठबंधन से बाहर की किसी पार्टी ने सत्ता संभाली है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली। राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री पद के लिए नामित सी जोसेफ विजय ने नौ लोगों को मंत्री नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी।
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए चेन्नई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। बड़ी संख्या में TVK समर्थक भी समारोह में पहुंचे।